न्यूज़ वाणी संवाददाता
मसौली, बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम रसौली के निकट देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई और कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया। कार में सवार चालक समेत पांच लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जानकारी के मुताबिक, देवरिया जनपद निवासी कार चालक अपने चार साथियों के साथ लखनऊ की ओर जा रहा था। रात करीब एक बजे रसौली गांव के पास कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही डीसीएम के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने के कारण कार सवार पांचों लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी ने तत्काल वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। करीब आधे घंटे तक धधकती रही आग में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग की लपटों ने डीसीएम को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसके पिछले हिस्से के चारों टायर जल गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और काफी प्रयास के बाद आवागमन सामान्य कराया। हादसे में कार पूरी तरह नष्ट हो गई, जबकि डीसीएम भी क्षतिग्रस्त हुई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार पांचों लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं मिली।
News Wani
