न्यूज़ वाणी संवाददाता
बाराबंकी। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइंस स्थित चुनाव सेल का औचक निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चुनाव से जुड़े अभिलेखों, पत्रावलियों और विभिन्न रजिस्टरों की बारीकी से जांच की।
एसपी ने चुनाव सेल में दस्तावेजों के रखरखाव, कार्यालय की साफ-सफाई और निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के संकलन एवं आदान-प्रदान की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि चुनाव से जुड़ी सभी जानकारियां और अभिलेख पूरी तरह अद्यतन रखे जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सूचनाएं तत्काल उपलब्ध कराई जा सकें।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग और उच्चाधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जनपद के सभी थानों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और चुनाव संबंधी सूचनाओं का त्वरित एवं त्रुटिरहित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सूचना समय से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, क्षेत्राधिकारी नगर समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
