सिरसागंज, फिरोजाबाद। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के अंतर्गत जिला विज्ञान क्लब के तत्वाधान में जिलाधिकारी रमेश रंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की सहमति एवं निर्देशन में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता का आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, जिला समन्वयक अश्वनी कुमार जैन एवं निदेशक दीपक जादौन के संयोजन में प्रवीन विद्यापीठ, सिरसागंज में किया गया।
कार्यक्रम का उदघाट्न मुख्य अतिथि ठा. जयवीर सिंह कैबिनेट मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश सरकार, नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा रंजना गुरुदत्त सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेंद्र कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय, अशोक जैन रपरिया, दीपक जादौन एवं जिला समन्वयक अश्वनी कुमार जैन ने किया। तदुपरान्त विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वन्दना, स्वागत गान एवं अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जयवीर सिंह ने विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन करके उनके मॉडलों की सराहना की। उन्होंने भारत के वैज्ञानिकों को नमन करते हुए सभी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने बाल वैज्ञानिकों को राष्ट्र हित को सर्वोपरि बताते हुए भविष्य के वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा का कार्य करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही साथ जिला विज्ञान क्लब के जिला समन्वयक अश्वनी कुमार जैन के कार्यों की सराहना की। रंजना सिंह ने सभी मॉडलों की सराहना करते हुए उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण को सराहा। धीरेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को विज्ञान के विषय में विस्तृत रूप से जानकारी प्रदान करते हुए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रधानाचार्य के कार्य की सराहना की। आशीष कुमार पाण्डेय ने जनपद के सभी विद्यार्थियों को अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। जिला समन्वयक अश्वनी कुमार जैन ने बताया कि इस जनपद स्तरीय प्रदर्शनी में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 152 मॉडलो के साथ 290 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें विद्यार्थियों के मॉडलों ने सभी को अपनी ओर आकर्षित किया। जिसमें आर्मी सिक्युरिटी, पिलर इलेक्ट्रिक सेफ्टी, एयर पॉल्युशन, रिवर क्लीनिंग, फायर सेफ्टी, कार्बन कैचर, न्यूक्लियर सिस्टम, सोलर प्लांट, स्मार्ट सिटी आदि मॉडल प्रस्तुत किए गए। जिसमें प्रथम स्थान वाशुदेव, द्वितीय स्थान आदित्य प्रताप, तृतीय स्थान स्नेहा, चतुर्थ स्थान पृथ्वी एवं पंचम स्थान सनी ने प्राप्त किया। जिन्हें क्रमशः जिला विज्ञान क्लब फिरोजाबाद की ओर से क्रमशः 5000, 3000, 2000, 1000 एवं 1000 रुपये की धनराशि आर टी जी एस के माध्यम से प्रदान की जाएगी। इसी के साथ अन्य विद्यार्थी क्रमशः प्रवीन आंनद, सत्यम शर्मा, आदित्य, हर्ष, रिमझिम, आशीष, गुरु प्रिया, पावनी, कपिल और राजीव के मॉडल भी मण्डल स्तर पर चयनित किए गए। निर्णायक मंडल की भूमिका का निर्वहन आर के तेनगुरिया, रत्नेश कुलश्रेष्ठ, ध्रुव कान्त तिवारी एवं अंकित कुमार ने किया। सभी प्रतिभागियों को जिला विज्ञान क्लब की ओर से प्रमाण पत्र एवं मैडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अश्वनी कुमार जैन ने एवं आभार प्रदर्शन दीपक जादौन ने किया। कार्यक्रम में अंशुल खंडेलवाल, रोहित भदौरिया, ललिता वशिष्ठ, विशाल वर्मा, सुनील जैन, रजनीश यादव, प्रदीप जादौन, प्रिंस सिंह, लोकेन्द्र सिंह, अंजना शर्मा, रहीसुद्दीन, अजीत कुमार, अमन कुमार, कार्तिक, मनोहर सिंह आदि के साथ समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

News Wani