Breaking News

फतेहपुर में प्लॉट पर कब्जे को लेकर विवाद, जेसीबी से खुदाई का आरोप; पीड़ित ने डीएम से लगाई कार्रवाई की गुहार

फतेहपुर। जहानाबाद कस्बे के वार्ड नंबर-15, लाला गली निवासी मोहम्मद इसराइल ने अपनी जमीन पर जबरन कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत की है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जेसीबी मशीन, कारीगर और मजदूर लेकर उसके मकान के सामने स्थित प्लॉट में घुस आए और फर्श तोड़कर पिलर के लिए खुदाई करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जमीन पर कब्जा करने की धमकी दी। पीड़ित ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज कराने और जमीन पर कब्जे से रोकने की मांग की है।

जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में मोहम्मद इसराइल पुत्र स्वर्गीय जुम्मन ने बताया कि उसका मकान करीब 40 वर्ष पुराना है। उसके पिता के जीवनकाल से ही परिवार वहां निवास करता चला आ रहा है। उसके मकान के सामने स्थित करीब 20 बाई 25 फीट के प्लॉट पर भी उसके पिता के समय से उनका कब्जा और दखल है।

शिकायतकर्ता के अनुसार प्लॉट में पक्की सीमेंट की फर्श और चारों तरफ करीब आठ फीट ऊंची पक्की दीवारें हैं। इसी परिसर में वह छप्पर डालकर खाना बनाने-खाने, बकरियां बांधने, ई-रिक्शा खड़ा करने तथा लकड़ी और कंडा रखने आदि का काम करता है।

पीड़ित का आरोप है कि 18 जुलाई 2026 को दोपहर करीब दो बजे मोहल्ला चंदा गली निवासी मोहम्मद सफी, इदरीश, रईस, नफीस, शाहनवाज, मोहसिन, आरिफ उर्फ राका, साजिद, राशिद और परवेज उर्फ मोनू समेत कई लोग स्कॉर्पियो से मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उनके साथ कारीगर, मजदूर और जेसीबी मशीन भी थी। सभी लोग शिकायतकर्ता के प्लॉट के अंदर घुस गए और जेसीबी से फर्श तोड़कर पिलर के लिए खुदाई शुरू कर दी।

मौके पर पहुंचकर विरोध करने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज करने और जमीन पर कब्जा करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों के एकत्र होने पर आरोपी वहां से चले गए। शिकायतकर्ता के अनुसार दो-चार दिन बाद दोबारा आकर जमीन पर कब्जा करने की बात कही गई।

इसके बाद 20 जुलाई को सुबह करीब आठ बजे उक्त लोग फिर जमीन पर पहुंचे और कब्जे का प्रयास करने लगे। इस दौरान भी मोहल्ले के लोगों के पहुंचने पर आरोपी वहां से चले गए।

पीड़ित ने बताया कि उसने थाना जहानाबाद के प्रभारी को लिखित शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। अब पीड़ित ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, उसकी जमीन पर किसी भी प्रकार का कब्जा किए जाने से रोकने और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

About NW-Editor

Check Also

फतेहपुर में घर से एक लाख की नकदी चोरी, पेड़ के सहारे छत पर पहुंचे चोर; महिलाओं की मौजूदगी में वारदात

खागा, फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र की अफोई चौकी अंतर्गत मोहम्मदपुर गौरी गांव में चोरों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *