फतेहपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को सकुशल और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गुरुवार को दानियालपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व प्रधानाचार्य को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कक्षाओं में फर्नीचर, प्रकाश व्यवस्था, पंखे, शौचालय और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की। खिड़कियों के शीशे और जालियां टूटी मिलने पर जिलाधिकारी ने उन्हें तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही कक्षाओं में दीवार घड़ियां लगवाने, अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, सीसीटीवी कैमरों की जांच करने और शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।
अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास, क्लॉक रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएं। व्यवस्थाओं की दोबारा जांच करने के लिए एक सप्ताह के भीतर फिर से निरीक्षण किया जाएगा।
इस दौरान प्रधानाचार्य ने विद्यालय परिसर में जलभराव की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर डीएम ने संबंधित खंड विकास अधिकारी को परिसर में जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के लिए रिचार्ज पिट का निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
News Wani
