Breaking News

महोबा में राजस्व वसूली को लेकर डीएम सख्त, लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

न्यूज़ वाणी ब्यूरो

महोबा। जिलाधिकारी प्रभाष कुमार ने राजस्व वसूली में तेजी लाने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कर-करेत्तर राजस्व वसूली एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की ओर से निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अधिकारी प्रभावी कार्ययोजना बनाकर काम करें। लंबित राजस्व देयकों की वसूली में तेजी लाई जाए और प्रत्येक विभाग नियमित रूप से अपनी प्रगति की समीक्षा करे। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

पुराने राजस्व वादों का जल्द हो निस्तारण

जिलाधिकारी ने राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों की स्थिति की जानकारी लेते हुए पुराने मामलों को नियमानुसार शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भूमि विवादों और अन्य राजस्व प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई के साथ निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी से आम लोगों को परेशानी होती है, इसलिए अधिकारी इन प्रकरणों को प्राथमिकता दें।

जनशिकायतों के समाधान में न बरतें लापरवाही

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। लोगों को अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए राजस्व प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यप्रणाली में सुधार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने और निर्धारित लक्ष्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व इन्द्र नंदन सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखबीर सिंह, उपजिलाधिकारी सदर शिवध्यान पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About NW-Editor

Check Also

महोबा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर सुरक्षा बढ़ी, कीरतसागर घाट पर एएसपी ने परखी व्यवस्था

न्यूज़ वाणी ब्यूरो | महोबा महोबा। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *