नई दिल्ली के बाहरी जिला पुलिस ने पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर केस में बड़ा खुलासा करते हुए एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह सुनियोजित साजिश थी, जिसमें पैसों के लिए तीन लोगों को जहर देकर मार दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कमरुद्दीन उर्फ बाबा, निवासी फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। यह गाजियाबाद के लोनी और फिरोजाबाद में तांत्रिक केंद्र चला रहा था। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने पहली मुलाकात में शॉल से पैसे निकालने जैसा करतब दिखाकर धनवर्षा का दावा किया और भरोसा दिलाया कि वह उनके पैसों को तांत्रिक क्रिया के जरिये कई गुना बढ़ा सकता है।
डीसीपी सचिन शर्मा के मुताबिक 8 फरवरी को पीसीआर कॉल के जरिये पश्चिम विहार ईस्ट थाने को सूचना मिली कि एक सफेद कार में तीन लोग अचेत अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार से 76 वर्षीय रणधीर (बापरोला), 42 वर्षीय शिव नरेश (नगली डेयरी) और 40 वर्षीय लक्ष्मी (जहांगीरपुरी) को बरामद किया। तीनों को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार की तलाशी में शराब की बोतलें, कोल्डड्रिंक, खाली गिलास, मोबाइल फोन, हेलमेट, जैकेट और अन्य दस्तावेज बरामद हुए।
परिजनों ने आत्महत्या की संभावना से इनकार करते हुए संदेह जताया था। जांच में पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और लोकेशन डेटा की मदद से पाया कि तीनों मृतक कमरुद्दीन नामक तांत्रिक के संपर्क में थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने धनवर्षा के नाम पर विशेष तांत्रिक क्रिया कराने का झांसा दिया और उनसे दो लाख रुपये नकद, शराब व कोल्डड्रिंक लाने को कहा। तकनीकी साक्ष्यों से यह भी सामने आया कि घटना वाले दिन तीनों लोनी गए थे और आरोपी के संपर्क में रहे। पुलिस का दावा है कि आरोपी लोनी से उनकी कार में सवार हुआ और पीरागढ़ी तक साथ आया। रास्ते में उसने लड्डू में जहर मिलाकर उन्हें शराब और कोल्डड्रिंक के साथ सेवन कराया।
शॉल से पैसे निकालने का करतब दिखाकर लिया झांसे में
मृत महिला लक्ष्मी सबसे पहले अपने पति के इलाज के सिलसिले में जहांगीरपुरी निवासी सलीम के माध्यम से आरोपी तांत्रिक के संपर्क में आई थी। आरोपी ने शॉल से पैसे निकालने जैसा करतब दिखाकर धनवर्षा का दावा किया और भरोसा दिलाया कि वह उनके पैसे को भी इसी तरह से कई गुना कर सकता है।
तांत्रिक पर राजस्थान, यूपी में भी दर्ज हैं मामले: पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर केस में गिरफ्तार तांत्रिक कमरुद्दीन उर्फ बाबा के आपराधिक रिकॉर्ड ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। राजस्थान और उत्तर प्रदेश में उसके खिलाफ दर्ज मामलों की जानकारी सामने आई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2014 में राजस्थान के धौलपुर जिले के राजा खेड़ा थाना क्षेत्र में हत्या से जुड़ा मामला दर्ज है।
इसके अलावा वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में भी उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है। इन मामलों के रिकॉर्ड की पुष्टि संबंधित राज्यों से की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लोगों को पहले छोटी-मोटी बीमारियां तंत्र-क्रिया से ठीक करने का दावा कर अपने प्रभाव में लेता था। इसके बाद वह धनवर्षा या अचानक आर्थिक लाभ दिलाने का भरोसा देकर उन्हें विशेष तंत्रद क्रिया कराने के लिए प्रेरित करता था।