बिंदकी, फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक गुट ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को तहसील परिसर में बैठक की। बैठक में पहुंचे तहसीलदार के सामने किसान नेताओं ने नौ सूत्रीय मांगें रखीं और उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो दोबारा महापंचायत कर आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में सड़क जाम के मामले में किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और किसान नेता सुखीराम के खिलाफ दर्ज कथित फर्जी मुकदमे को समाप्त करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
यूनियन ने अमौली क्षेत्र के चांदपुर गांव में करीब 20 वर्षों से बंद खाद समिति को दोबारा चालू कराने की मांग की। इसके साथ ही आवारा मवेशियों और जंगली जानवरों से फसलों को होने वाले नुकसान से किसानों को राहत दिलाने की बात कही गई।
किसान नेताओं ने सहकारी समितियों पर डीएपी सहित अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने और सरकारी बीज भंडारों से किसानों को समय पर बीज उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
इसके अलावा बिंदकी मंडी में व्यापारियों द्वारा की जा रही दो प्रतिशत टीडीएस कटौती बंद कराने तथा हरदौलीपुर गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास का निर्माण कराने की मांग तहसीलदार के सामने रखी गई।
बैठक में किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
इस मौके पर तहसील अध्यक्ष सुधीर प्रताप सिंह गौतम उर्फ बबलू सिंह, अंगद सिंह, पुत्तन दुबे, रज्जन चौहान, स्वामीन, जय नारायण, सुखीराम, राजाराम, शिवप्रसाद, अमन और जग बहादुर सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

News Wani