– पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि का करीबी दिखाकर परिवार को कर रहा प्रताड़ित: बुशरा
– पत्रकारों से बातचीत करतीं सैय्यदवाड़ा सभासद बुशरा खातून।
फतेहपुर। सैय्यदबाड़ा सभासद बुशरा खातून ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि भाजपा नेता फैज़ान रिज़वी व उनके अन्य साथी परिवार के साथ धन वसूली की मांग कर रहे हैं। पैसे न देने पर झूठे मुकदमे मे फ़साने की बात कह रहे हैं। बताया कि इस बाबत उन्होंने कोतवाली प्रभारी को तहरीर दी है। भाजपा नेता फैजान रिज़वी, इमरान आदि पर उनके पुत्र को झूठे मामले में फंसा देने की धमकी देकर लंबे समय से वसूली के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया। बताया कि वसूली में नाकाम भाजपा नेता ने उनके घर मे घुसकर मारपीट कर घर में रखे सोने के आभूषण व 18 हज़ार नगद छीन लेने की बात कही। उन्होने कार्रवाई की मांग किया। मीडिया से बातचीत करते हुए महिला सभासद बुशरा खातून पत्नी मकबूल आलम ने बताया कि खुद को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश स्तरीय पदाधिकारी बताने वाले फैजान रिज़वी द्वारा उनके पुत्र नबील पर लंबे समय से वसूली का दबाव बना रहा था। कभी चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी रज़ा के करीबी दर्शाकर कार्रवाई करवाने तो कभी घर पर प्रतिबंधित पशु का मांस या अवशेष रखकर फंसाने और पूरे घर को जेल भेजने की लगातार धमकियां दे रहा था। 09 मार्च को रात्रि को जब उनके पति तरावीह की नमाज़ पढ़ने लगे तभी मौका पाकर भाजपा नेता फैजान रिज़वी पुत्र फसाहत अली निवासी बरदही बाजार, इमरान पुत्र बदरुदीन अमित यादव पुत्र रामभवन, फसानात अली पुत्र अपने चार अन्य साथियों के साथ घर मे घुस आए। आते ही उनके पुत्र नबील आदि के बारे में पूछताछ करते हुए कहा कि शाम छह बजे तक पैसे देने की बात कही थी लेकिन इन्तेज़ाम नही किया अब अंजाम भुगतना पड़ेगा। कहते हुए उनके साथ गाली गलौच व मारपीट करने लगे। घर मे रखा सोने की अंगूठी व 18 हज़ार रुपये नगद निकाल लिए। महिला सभासद ने बताया कि जब उन्होंने घटना के बाबत अपने पति को फोन करना चाहा तो भाजपा नेता फैजान रिज़वी ने उनका मोबाइल छीन लिया। महिला सभासद ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बीजेपी नेता फैजान रिज़वी पर लोगों को डराकर उनसे पैसा वसूली का गिरोह संचालित करने एव परिवार के अन्य सदस्यों के अपराध में शामिल होने व हत्या के मामले में जेल में बंद होने की बात कहते हुए भारतीय जनता पार्टी एवं प्रदेश सरकार की छवि को धूमिल करने का आरोप लगाते हुए प्रदेश सरकार से न्याय की गुहार लगाई। सभासद बुशरा खातून ने बताया कि फैज़ान रिज़वी के दबाव में पुलिस पूछताछ के बहाने उनके पुत्र को थाने ले गयी जहां तीन दिनों से पुत्र को थाने में बिठा रखा है जबकि उनका पुत्र पूरे समय घर पर ही था जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास मौजूद है। वहीं इस मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हेमन्त मिश्रा से वार्ता की गई तो उन्होने कहा कि महिला द्वारा तहरीर मिली है, मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

News Wani