– विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन गाउन व कैप पहनाकर बढ़ाई शोभा
– विद्यार्थी को ग्रेजुएशन गाउन व कैप पहनाते विद्यालय के प्रबंधक व प्रधानाचार्य।
फतेहपुर। सेंट ज़ेवियर्स हाईस्कूल में विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना के साथ ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य आयोजन विद्यालय परिसर में हर्षाेल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने ग्रेजुएशन गाउन एवं कैप पहनकर समारोह की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक नीतीश कुमार एवं प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका गुप्ता ने दीप प्रज्जवलन एवं प्रार्थना के साथ किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे परिधानों और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुति ने समारोह को यादगार बना दिया। समारोह में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह अवसर हमारे नन्हे विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह केवल एक कक्षा से दूसरी कक्षा में प्रवेश नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, ज्ञान और नए सपनों की ओर बढ़ता एक सुंदर कदम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में प्राप्त संस्कार, शिक्षा और अनुशासन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। उन्होंने अभिभावकों को भी बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। प्रबंधक नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आज का यह कार्यक्रम विद्यालय परिवार के लिए अत्यंत हर्ष, गर्व और उल्लास का अवसर है। नन्हे विद्यार्थियों को इस प्रकार आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते देखना वास्तव में हृदय को प्रसन्नता से भर देता है। विद्यालय का उद्देश्य केवल बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं है, बल्कि उन्हें संस्कारवान, अनुशासित, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाना है। मुझे प्रसन्नता है कि सेंट ज़ेवियर्स हाईस्कूल निरंतर इसी दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट, उत्साह और भावनात्मक क्षणों से गूंज उठा।

News Wani