Breaking News

फतेहपुर : खुशबू को न्याय दिलाने की मांग पर गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक का थरियांव थाने का घेराव

–  सैकड़ों महिलाओं का प्रदर्शन, तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा — त्वरित कार्रवाई न होने पर एसपी कार्यालय घेराव की चेतावनी

फतेहपुर |  जनपद के थरियांव थाने पर शुक्रवार को उस समय भारी हलचल देखी गई, जब गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में गुलाबी वेशभूषा में सैकड़ों महिलाएं थाने पहुंचीं और जोरदार प्रदर्शन किया। औराई गांव की युवती खुशबू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर महिलाओं ने आक्रोश जताते हुए त्वरित न्याय और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के नारों से थाना परिसर और आसपास का क्षेत्र गूंज उठा। संगठन की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने कहा कि पीड़ित पक्ष की शिकायतों पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण यह दुखद घटना सामने आई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पीड़ितों की शिकायतों पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की।

संगठन की ओर से पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) थरियांव के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई तथा जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग प्रमुख रही। ज्ञापन प्राप्त करने के लिए थाने पर पहुंचीं नायब तहसीलदार ने संगठन को आश्वस्त किया कि मांगों को शासन स्तर तक प्रेषित किया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही कराई जाएगी। हेमलता पटेल ने चेतावनी दी कि यदि मामले का शीघ्र निस्तारण कर न्याय नहीं दिलाया गया, तो संगठन एसपी कार्यालय पर वृहद आंदोलन करने को बाध्य होगा। प्रदर्शन में संगठन की कई पदाधिकारी, बड़ी संख्या में महिलाएं एवं पीड़ित परिजन उपस्थित रहे।

 

About NW-Editor

Check Also

छत्रपति शिवाजी महाराज की मनाई जयंती

– प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भंडारे का किया आयोजन – भण्डारे का प्रसाद ग्रहण करते …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *