Breaking News

भारत-पाकिस्तान की महिला टीमों में आज टक्कर, हरमनप्रीत कौर रचेंगी इतिहास

दुबई। विमेंस एशिया कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीमें आमने-सामने होंगी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला रात 8 बजे से शुरू होगा। भारतीय टीम अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुकी है, जबकि पाकिस्तान के लिए यह मैच बेहद अहम है।

हरमनप्रीत कौर बनाएंगी बड़ा रिकॉर्ड

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर आज अपना 150वां टी-20 इंटरनेशनल मैच बतौर कप्तान खेलेंगी। इसके साथ ही वह महिला और पुरुष क्रिकेट में 150 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी करने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बन जाएंगी। भारत की कप्तान के तौर पर यह उनके लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी।

पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पलड़ा भारी

भारत का पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल में रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 17 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 14 मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मुकाबलों में जीत मिली है।

एशिया कप टी-20 में भी भारत का दबदबा रहा है। पाकिस्तान ने अक्टूबर 2022 में भारत को हराया था, जो इस टूर्नामेंट में उसकी भारत के खिलाफ इकलौती जीत है। एशिया कप में दोनों टीमों के बीच खेले गए बाकी 6 मुकाबले भारत ने जीते हैं।

पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह आसान कर सकता है मैच

ग्रुप स्टेज में भारत 4 अंकों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान के खाते में 2 अंक हैं। पाकिस्तान अगर भारत को हरा देता है तो उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की स्थिति मजबूत हो जाएगी। वहीं हार की स्थिति में उसे अपने आखिरी लीग मुकाबले में हॉन्गकॉन्ग को हराना जरूरी होगा।

स्मृति और दीप्ति पर रहेंगी नजरें

भारतीय टीम के लिए स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा शानदार फॉर्म में हैं। स्मृति ने टूर्नामेंट के 2 मुकाबलों में 143 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 193.24 रहा है। पिछले मैच में उन्होंने 124 रन की शानदार पारी खेली थी।

गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा भारत की सबसे सफल गेंदबाज रही हैं। उन्होंने 2 मैचों में 6 विकेट लिए हैं और इस दौरान उनकी इकॉनमी सिर्फ 2.16 रही है। थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में दीप्ति ने बिना कोई रन दिए 3 विकेट हासिल किए थे।

पाकिस्तान को मुनीबा और सादिया से उम्मीद

पाकिस्तान की ओर से मुनीबा अली और सादिया इकबाल पर खास नजर रहेगी। मुनीबा ने टूर्नामेंट में खेले अपने एकमात्र मुकाबले में 54 रन की पारी खेली थी।

वहीं गेंदबाजी में सादिया इकबाल पाकिस्तान की प्रमुख विकेट लेने वाली गेंदबाज रही हैं। उन्होंने थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में 2.75 की इकॉनमी से गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए थे।

दुबई की पिच पर स्पिनर्स का दबदबा

दुबई की पिच पर अब तक स्पिन गेंदबाजों को तेज गेंदबाजों की तुलना में ज्यादा मदद मिली है। टूर्नामेंट के शुरुआती 7 मैचों में स्पिनर्स ने 71 विकेट लिए हैं, जबकि तेज गेंदबाजों को 31 विकेट मिले हैं। स्पिनर्स की इकॉनमी भी करीब 5.1 रही है।

टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ भारत ही 150 से ज्यादा का स्कोर बना सका है। मुकाबलों में शुरुआत में बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे हैं, लेकिन पारी के अंतिम ओवरों में रन बनाने की गति कुछ कम हुई है।

दुबई में मैच के समय तापमान करीब 37 डिग्री रहने का अनुमान है। गर्मी और उमस दोनों टीमों के खिलाड़ियों के लिए चुनौती बन सकती है।

संभावित प्लेइंग-11

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, भारती फुलमाली, रिचा घोष, दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा।

पाकिस्तान: फातिमा सना (कप्तान), मुनीबा अली (विकेटकीपर), शवाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, ईमान फातिमा, उम्म-ए-हानी, तुबा हसन, नशरा संधू, सादिया इकबाल।

About NW-Editor

Check Also

कप्तानी छिनने पर पहली बार बोले सूर्यकुमार यादव, कहा- डेढ़ महीने तक सोचता रहा आखिर ऐसा कैसे हुआ

कप्तानी छिनने पर पहली बार बोले सूर्यकुमार यादव, कहा- डेढ़ महीने तक सोचता रहा आखिर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *