Breaking News

रहीमाबाद में आवारा कुत्तों का खौफनाक हमला: 8 साल की मासूम की दर्दनाक मौत, खेत में मिला क्षत-विक्षत शव

लखनऊ। राजधानी के ग्रामीण क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र के तरौना गांव में रविवार शाम करीब छह बजे 8 वर्षीय बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। बच्ची का शव घर से लगभग 500 मीटर दूर खेत में क्षत-विक्षत हालत में मिला।

मृतका की पहचान अंशिका के रूप में हुई है, जो कक्षा-1 की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार वह शाम को अकेले घर से निकली थी। कुछ समय बाद गांव की महिलाएं जब खेतों की ओर गईं तो उन्होंने एक बच्ची को जमीन पर पड़ा देखा। आशंका होने पर उन्होंने गांव में सूचना दी।

ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ अंशिका का शव देखकर सन्न रह गए। बताया जा रहा है कि शव से कुछ दूरी पर कुत्तों का झुंड बैठा था। बच्ची के चेहरे और शरीर पर गहरे जख्म थे, जिससे स्पष्ट है कि उस पर बेरहमी से हमला किया गया। घटनास्थल पर कुत्तों के पंजों के निशान भी मिले हैं।

अंशिका तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। पिता दिलीप कश्यप ने बताया कि बेटी के घर से निकलने के थोड़ी देर बाद ही अनहोनी की खबर मिली। मां सोनी अपनी बच्ची का शव देखकर बेहोश हो गईं। पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

सूचना पर पहुंची पुलिस भी घटना की भयावहता देखकर स्तब्ध रह गई। एक अधिकारी ने बताया कि अपने सेवाकाल में कुत्तों के हमले के कई मामले देखे हैं, लेकिन यह घटना बेहद दुखद और असामान्य है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाएं न दोहराई जाएं।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में फिर से लौट आया ‘नीला ड्रम’: बेटे ने छुपाई बाप की लाश, पूरी कहानी उड़ा देगी होश

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में पैथोलॉजी और शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह की हत्या …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *