I.N.D.I.A. गठबंधन की आज बड़ी बैठक: AAP रही दूर, टीएमसी बदली राय; मानसून सत्र से पहले विपक्ष की रणनीति तय करेगी बैठक

I.N.D.I.A. गठबंधन: लोकसभा चुनाव 2024 के बाद दूसरी बार I.N.D.I.A. गठबंधन के नेता आज शाम 7 बजे ऑनलाइन बैठक करने वाले हैं। इसमें देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी। मीटिंग में आम आदमी पार्टी (AAP) शामिल नहीं होगी। टीएमसी ने पहले बैठक से दूर रहने का संकेत दिया था, लेकिन अब उसने कहा है कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ऑनलाइन बैठक में शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन समेत कई नेताओं से बात की थी। ये बैठक ऐसे वक्त हो रही है जब मानसून सत्र शुरू होने वाला है और बिहार में मतदाता सूची की विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR) को लेकर घमासान मचा है। I.N.D.I.A की आखिरी बैठक इसी साल 3 जून को हुई थी। इसमें केंद्र सरकार से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग हुई थी। वहीं, इससे पहले 5 जून 2024 को लोकसभा चुनाव को लेकर मीटिंग हुई थी।  तृणमूल कांग्रेस 21 जुलाई को ‘शहीद दिवस’ मना रही है, इसलिए उसके नेता कोलकाता में बिजी रहेंगे। वहीं, AAP गुजरात और दूसरे राज्यों में अपने विस्तार अभियान में जुटी है। AAP ने कांग्रेस से कई राज्यों में सीधी लड़ाई का रास्ता चुना है और पार्टी का कहना है कि I.N.D.I.A. गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक सीमित था। हालांकि, विपक्षी नेताओं का कहना है कि संसद में विपक्ष एकजुट रहेगा, भले ही कुछ दल बैठक में न आएं।

I.N.D.I.A ब्लॉक पर, ममता और तेजस्वी के बयान

  •  जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इसी साल जनवरी में इंडिया अलायंस खत्म करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था, ‘लोकसभा चुनाव के बाद इसकी कोई बैठक नहीं हुई है। यह गठबंधन लोकसभा चुनाव तक ही था तो इसे खत्म कर देना चाहिए। इसके पास न कोई एजेंडा है और न ही कोई लीडरशिप।’
  •  पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हरियाणा-महाराष्ट्र और उपचुनावों में INDIA ब्लॉक के खराब प्रदर्शन को लेकर 7 दिसंबर 2024 को नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था, ‘मैंने INDIA गठबंधन बनाया। इसका नेतृत्व करने वाले इसे ठीक से नहीं चला सकते, तो मुझे मौका दें। मैं बंगाल से ही गठबंधन का नेतृत्व करने के लिए तैयार हूं।’ ममता बनर्जी के बयान का शिवसेना (UBT), सपा ने समर्थन किया था। इस पर भाजपा ने कमेंट किया था, ‘विपक्ष के नेताओं को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है। वे अब भी राहुल को राजनीति का कच्चा खिलाड़ी समझते हैं।’
  •  तेजस्वी यादव ने भी जनवरी 2025 में इंडिया गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि ‘इंडिया गठबंधन सिर्फ 2024 के लोकसभा चुनाव तक के लिए बना था।’ तेजस्वी यादव ने कहा था, ‘यह अस्वाभाविक नहीं है कि कांग्रेस और आप जैसे दलों में मतभेद हों। गठबंधन का मुख्य उद्देश्य लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना था, और यह गठबंधन उसी लक्ष्य तक सीमित था।’

     I.N.D.I.A ब्लॉक बनने के बाद इसकी 6 बैठकें हुई हैं। पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में हुई थी। इसे नीतीश कुमार ने बुलाया था। बाद में नीतीश I.N.D.I.A ब्लॉक छोड़कर NDA में शामिल हो गए थे। आखिरी बैठक 1 जून 2024 को हुई थी। यह आखिरी बैठक ढाई घंटे से ज्यादा चली। खड़गे ने मीटिंग के बारे में बताया था, I.N.D.I.A. ब्लॉक की 295 और उससे ज्यादा सीटें आएंगी। इससे कम तो नहीं आएंगी, ये हमने आकलन किया है। हमारे सभी नेताओं से पूछने के बाद यह आंकड़ा मिला है और इस आंकड़े में कोई बदलाव नहीं है।

About NW-Editor

Check Also

मुंबई एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसला प्लेन, तीन टायर फटे, मची अफरा-तफरी

मुंबई: मुंबई एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एअर इंडिया का AI2744 प्लेन लैंडिंग के दौरान रनवे …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *