कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी कॉलोनी में रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार के घर दूसरी बार चोरी की वारदात सामने आई है। घटना उस समय हुई जब वे अपने बेटे की बारात लेकर बालको स्थित साईं मंगलम भवन गए हुए थे। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने घर का ताला टूटा देख मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। गलेटबिन कुमार ने फोन पर पुलिस को बताया कि वे मंगलवार रात बारात लेकर निकले थे, तभी चोरों ने सूने मकान को निशाना बना लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घर से करीब 20 हजार रुपए नकद, लैपटॉप, कंप्यूटर, टीवी सहित मेहमानों का सामान चोरी हुआ है। हालांकि, चोरी गए सामान का पूरा विवरण परिवार के लौटने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पहले भी हो चुकी है बड़ी चोरी; गौरतलब है कि जनवरी माह में भी गलेटबिन कुमार के घर चोरी की वारदात हुई थी, जिसमें चोरों ने करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी थी। उस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
CCTV से छेड़छाड़, DVR भी ले गए चोर: पहली घटना के बाद घर में CCTV कैमरे लगाए गए थे, लेकिन इस बार चोरों ने कैमरों से छेड़छाड़ कर DVR भी अपने साथ ले गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और जांच जारी है।
News Wani
