Breaking News

KGMU में रैगिंग पर बड़ी कार्रवाई, जूनियर्स से डांस करवाने वाले 38 MBBS छात्र सस्पेंड; तीन महीने के लिए निलंबित

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। एंटी रैगिंग सेल की जांच रिपोर्ट के आधार पर 38 एमबीबीएस छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रत्येक छात्र पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। दोषी पाए गए छात्रों की एक साल की छात्रवृत्ति भी रोक दी गई है और उन्हें हॉस्टल से बाहर कर दिया गया है।

जांच में सामने आया कि सीनियर छात्र देर रात 12 बजे से 2 बजे के बीच जूनियर छात्रों को परेशान करते थे। आरोप है कि जूनियर छात्रों को वीडियो कॉल करके जबरन जगाया जाता था और रात में डांस करने के लिए मजबूर किया जाता था। विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया जाता था।

इतना ही नहीं, जूनियर छात्रों से सीनियर विद्यार्थियों के सामने सिर झुकाकर ‘प्रणाम महोदय’ और ‘प्रणाम मैडम’ कहलवाया जाता था। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया था।

16 नवंबर को सामने आया था रैगिंग का वीडियो

दरअसल, 16 नवंबर को KGMU परिसर में रैगिंग से जुड़ा एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में प्रथम वर्ष के छात्र कतार में खड़े होकर सीनियर विद्यार्थियों के सामने सिर झुकाते दिखाई दिए थे। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय की एंटी रैगिंग सेल ने जांच शुरू की।

जांच रिपोर्ट 19 नवंबर को संबंधित कमेटी के सामने रखी गई। इसके बाद कुलपति की मंजूरी मिलने पर 26 नवंबर को कार्रवाई का आदेश जारी किया गया।

2025 बैच के 36 और 2026 बैच के दो छात्र जांच में दोषी

एंटी रैगिंग सेल की जांच में एमबीबीएस 2025 बैच के 36 छात्रों को दोषी पाया गया। वहीं, 2026 बैच के दो जूनियर छात्र भी इस पूरे मामले में सहयोग करते हुए पाए गए। कुल 38 विद्यार्थियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।

रैगिंग की शिकायत मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि जूनियर छात्रों को डराने, धमकाने या अपमानित करने वाली किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि रैगिंग से जुड़ी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल एंटी रैगिंग कमेटी या विश्वविद्यालय प्रशासन को दें।

मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग के मामले बढ़ा रहे चिंता

मेडिकल संस्थानों में रैगिंग की घटनाएं छात्र सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। इससे पहले गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भी एमबीबीएस के 16 छात्रों और दो इंटर्न के खिलाफ रैगिंग के आरोप में कार्रवाई की गई थी। जूनियर छात्रों की शिकायत के बाद वहां भी एंटी रैगिंग स्क्वायड ने जांच की थी।

About NW-Editor

Check Also

लखनऊ में पटाखों की दुकान में लगी आग से मचा हड़कंप, दो घंटे तक गूंजते रहे धमाके

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-3 में गुरुवार तड़के पटाखे और गद्दों की दुकानों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *