– ट्राफी के साथ विजेता टीम।
फतेहपुर। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी हुई क्रिकेट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन संस्था परिवार द्वारा टैलेंट सर्च प्रीमियर लीग का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 10 वर्ष से लेकर 19 वर्ष तक के युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आठ दिनों तक चले इस रोमांचक आयोजन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 60 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में खागा तहसील के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया और विजेता बनने का गौरव हासिल किया। पूरे आयोजन का संचालन ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की देखरेख में सफलतापूर्वक किया गया। संस्था परिवार द्वारा जिले में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संस्था ने जनपद के पांच स्थानों रायपुर भसरौल, रानी चन्द्र प्रभा स्पोर्ट्स ग्राउंड, सेमरा मानापुर हथगांव एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षण संस्थान भैरमपुर रोड सहित अन्य केंद्रों पर प्रशिक्षण संस्थान स्थापित कर बच्चों का नियमित प्रशिक्षण शुरू किया है। फाइनल मुकाबले के अवसर पर राष्ट्रीय महानिदेशक एबी बाबू, वरिष्ठ संरक्षक शिव स्वरूप, संदीप उमराव और सत्य नारायण पटेल ने जिलाध्यक्ष अमित मौर्या सहित सभी खिलाड़ियों और आयोजकों को बधाई दी। इस आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इस मौके पर संस्था परिवार ने भिटौरा ब्लॉक अध्यक्ष पद पर आशुतोष पाल की नियुक्ति की घोषणा भी की। संस्था पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी नियुक्ति से संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।

News Wani