उत्तर प्रदेश: कानपुर जिले में डबल मर्डर हुआ है। कानपुर के हनुमंत विहार थाना इलाके में किन्नर काजल (25) और गोद लिए 12 साल के भाई देव की लूट के बाद हत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों के शव शनिवार देर रात बंद कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने ताला खुलवाया तो किन्नर का शव बेड के अंदर मिला, जबकि भाई का शव बाहर पड़ा मिला। पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या चार-पांच दिन पहले की गई है। कमरे में अलमारियां खुली और सामान बिखरा हुआ मिला। मैनपुरी के किशनी इलाके में रहने वाली किन्नर काजल और गोद लिए भाई देव योगेंद्र विहार में पूर्व सैनिक अभिमन्यु सिंह के मकान में किराये पर रहते थे। दोनों एक महीने पहले ही आए थे। मकान के दूसरे कमरे में देविका (किन्नर) रहती है। पिछले चार दिनों से काजल अपनी मां गुड्डी का फोन नहीं उठा रही थी। इस पर गुड्डी शनिवार शाम करीब सात बजे उसके घर आ गईं। दरवाजे पर ताला लटका था। उसने अपने बेटे देव को यह बात बताने के लिए कॉल की, तो उसके मोबाइल की घंटी कमरे के अंदर बजने लगी। उन्हें कुछ शक हुआ। मकान के केयर टेकर पप्पू को बुलाया गया। हनुमंत विहार थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दरवाजा जैसे ही खोला तो बदबू फैल गई। अंदर जाकर देखा तो देव का शव बेड के किनारे और काजल का शव बेड के अंदर था। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए। कमरे में सामान अस्त-व्यस्त और अलमारियां खुली पड़ीं थीं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं।
