भोपाल: मध्य प्रदेश के शहरों में पेट्रोल पंप पर टंकियां फुल कराने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। यह स्थिति मंगलवार शाम को पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने की अफवाहों के बाद पैदा हुई है। बुधवार सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ जुटने लगी है जिससे हालात कुछ समय के लिए अव्यवस्थित होते दिखाई दिए। इंदौर, उज्जैन, नीमच, आगर मालवा, झाबुआ और शाजापुर सहित प्रदेश के कई जिलों में लोगों ने पेट्रोल खत्म होने और कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की खबरें सुनीं, सीधे पेट्रोल पंपों की ओर चल पड़े। जिससे पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी मच गई। कई स्थानों पर पुलिस बलानी पड़ी।
अभी कई माह का स्टॉक उपलब्ध: भोपाल के फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने कहा कि भोपाल में कुल 58.79 लाख किलो लीटर (58.8 करोड़ लीटर) पेट्रोल-डीजल का संग्रह है, जो अगले ढाई से 3 महीने तक के लिए पर्याप्त है। भोपाल के पास भौंरी में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के डिपो है। जहां से भोपाल के 192 पंपों पर ईंधन पहुंचता है। शहर में हर रोज 12 लाख लीटर डीजल और 9 लाख लीटर पेट्रोल की आपूर्ति होती है। जितना स्टॉक है, वह अगले कुछ महीनों के लिए पर्याप्त है। इसलिए लोगों को भी घबराने की जरूरत नहीं है।
अफवाहों के चलते पंपों पर उमड़ी भीड़: पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी हैं। कई जगह अफरा-तफरी का माहौल है। अफवाह फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने पहुंच रहे हैं। कल मंगलवार को कुछ स्थानों पर स्थिति इतनी बिगड़ गई कि धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई थी। आगर मालवा में जुटी भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया, तो अंत में पुलिस को बुलाना पड़ा। कई लोग पेट्रोल को बोतलों और अन्य डिब्बों में भरकर स्टॉक करने की कोशिश करते नजर आए, जिससे दबाव और बढ़ गया।
ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य: पंप संचालकों ने बताया कि ईंधन की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन अचानक मांग बढ़ने के कारण कई पंपों पर स्टॉक कम पड़ गया है। कुछ पेट्रोल पंपों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सीमित मात्रा में पेट्रोल देने का निर्णय लिया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक ईंधन पहुंचाया जा सके। झाबुआ में भी पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ है। कई जगहों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा। शाजापुर में भी देर रात तक पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लगी रहीं। लोगों को पेट्रोल-डीजल के लिए काफी इंतजार करना पड़ा।
अफवाहों पर ध्यान न दें : इस बीच आगर मालवा के एक पेट्रोल पंप पर तकनीकी खराबी के कारण सप्लाई प्रभावित हो गई, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई। प्रदेश में कई स्थानों पर ऐसी स्थिति निर्मित हुई, तो लोगों को परेशान होना पड़ा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और सप्लाई लगातार जारी है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद राजपूत ने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा रखें। पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टाक है। परेशान होने की बात नहीं है।
News Wani