फतेहपुर। लखनऊ में तीन सितंबर को होने वाले स्वदेशी व्यापारी कुंभ को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन के 33वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जिले के प्रमुख व्यापारिक कस्बों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया।
बिंदकी से लेकर जहानाबाद तक व्यापारियों से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम की रूपरेखा और कार्ययोजना की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर व्यापारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की टीम में सदस्य संजय गुप्ता, जिलाध्यक्ष बृजेश सोनी, विनोद गुप्ता, रज्जन गुप्ता और संजय सिंह जौहरी शामिल रहे। टीम ने बिंदकी, शाह, बहुआ, ललौली, जोनिहा और जहानाबाद कस्बों का भ्रमण किया। इस दौरान करीब 100 से अधिक व्यापारियों से संपर्क कर उन्हें तीन सितंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले स्वदेशी व्यापारी कुंभ में पहुंचने का आह्वान किया गया।
जिलाध्यक्ष बृजेश सोनी ने बताया कि संगठन के संरक्षक एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट वित्त मंत्री सुरेश खन्ना तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि किसी जनपद में किसी अधिकारी द्वारा व्यापारियों का शोषण, उत्पीड़न अथवा भ्रष्टाचार किया जा रहा है तो ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार की जाए।
तीन सितंबर को लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में यह सूची संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों को सौंपी जाएगी, ताकि संबंधित मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
जनसंपर्क अभियान के दौरान शिवम शिवहरे, शोएब अहमद, अतुल अग्निहोत्री, जुबैर खान, निजाम मोहम्मद, मो. अखलाक खान, विष्णु कुमार, महबूब मंसूरी, अली अहमद, सुनील कुमार, महबूब अली और शैलेन्द्र गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
News Wani
