ब्यूरो संजीव शर्मा
इटावा एसआईआर प्रक्रिया में बड़ी लापरवाही, 38 जीवित मतदाताओं को मृत घोषित कर काटे गए वोट इटावा। जनपद में चल रही एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) प्रक्रिया के दौरान बड़ी प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है। ताखा तहसील क्षेत्र के ग्राम रतहरी के 38 जीवित मतदाताओं को मृत घोषित कर उनके नाम मतदाता सूची से काट दिए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने धरना शुरू कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और प्रभावित मतदाता न्याय की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, वे सभी जीवित हैं और नियमित रूप से गांव में निवास कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें मृत दर्शाकर वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराज़गी फैल गई। अपनी लोकतांत्रिक पहचान समाप्त किए जाने से आहत मतदाताओं ने ताखा तहसील परिसर में धरना देकर प्रशासन से तत्काल सुधार की मांग की। धरने पर बैठे मतदाताओं का कहना है कि यह न केवल बड़ी लापरवाही है बल्कि उनके मताधिकार का हनन भी है। उन्होंने मांग की कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा सभी जीवित मतदाताओं के नाम तत्काल प्रभाव से मतदाता सूची में पुनः जोड़े जाएं। धरना स्थल पर समाजवादी पीडीए प्रभारी उदय भान सिंह यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ध्रुव कुमार उर्फ चीनी, जिला पंचायत सदस्य सत्यभान, रामजीवन यादव, नवी आलम, सत्यम यादव, रिंकू यादव, विजय यादव समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे। उपस्थित नेताओं और ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी त्रुटियां लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करती हैं। धरने पर बैठे लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई कर त्रुटि को ठीक नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक सुधार का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
News Wani
