Breaking News

बोलीविया के सैन्य अड्डे में भीषण धमाका, 10 से ज्यादा मौतों की आशंका:58 लोग घायल; पटाखों के स्टॉक में विस्फोट से मची तबाही

सुक्रे। दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया के पश्चिमी शहर वियाचा में शुक्रवार को एक सैन्य अड्डे पर हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। हादसे में 10 से ज्यादा लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि कम से कम 58 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक मृतकों की संख्या 10 से 15 के बीच हो सकती है।

बोलीविया के रक्षा मंत्री अर्नेस्टो जस्टिनियानो के अनुसार, विस्फोट स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:30 बजे सैन्य अड्डे के उस हिस्से में हुआ, जहां रक्षा मंत्रालय की ओर से पटाखों का स्टॉक रखा गया था। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई।

52 आम नागरिक घायल

रक्षा मंत्री ने बताया कि घायलों में अधिकांश आम नागरिक हैं। कुल 58 घायलों में करीब 52 नागरिक बताए जा रहे हैं, जबकि बाकी सैन्यकर्मी हैं। हादसे के बाद बड़ी संख्या में एंबुलेंस, मेडिकल टीम और पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया।

गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को वियाचा से राजधानी ला पाज के अस्पतालों में रेफर किया गया है। इनमें एक बच्ची भी शामिल है, जो करीब 90 फीसदी तक झुलस गई है।

कई घरों को भी पहुंचा नुकसान

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास मौजूद कई घरों को नुकसान पहुंचा है। कई इमारतों की खिड़कियां टूट गईं और इलाके में मलबा फैल गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सैन्य अड्डे से उठता काले धुएं का घना गुबार दिखाई दे रहा है।

वियाचा शहर बोलीविया की प्रशासनिक राजधानी ला पाज से करीब 30 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। जिस सैन्य अड्डे में विस्फोट हुआ, वह शहर के बीचों-बीच स्थित बताया जा रहा है।

दोबारा विस्फोट का खतरा, लोगों को दूर रहने की सलाह

हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर अभी भी गर्मी का स्रोत मौजूद है। इसके चलते दोबारा विस्फोट होने का खतरा बना हुआ है।

सुरक्षा को देखते हुए लोगों को घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर दूर रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने विस्फोट की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पटाखों के स्टॉक में विस्फोट किस कारण से हुआ।

About NW-Editor

Check Also

फ्रांस में हिंसा पर ट्रम्प का इमिग्रेशन नीति को लेकर मैक्रों पर हमला, पेरिस के भविष्य पर जताई चिंता

पेरिस, फ्रांस। फ्रांस में हिंसक प्रदर्शनों और तोड़फोड़ की घटनाओं के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *