Breaking News

बिजली चोरी पर फौजी संगठन करेगा मोहल्ले में निगरानी

– पूर्व सैनिक संगठन व विद्युत विभाग की संयुक्त बैठक
– अवैध एसी कनेक्शन व मीटर बाईपास पर सख्ती की तैयारी
– विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता के साथ बैठक करते पूर्व सैनिक।
फतेहपुर। जनपद में लगातार बिगड़ रही विद्युत व्यवस्था और बढ़ती बिजली चोरी को लेकर शनिवार को पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता विद्युत अनिल कुमार वर्मा एवं अधिशासी अभियंता रत्नेश जायसवाल के साथ बैठक कर गहन विचार-विमर्श किया। बैठक में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सुधारने तथा अवैध खपत पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई। अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में बिजली संकट का कारण केवल गर्मी या अधिक मांग नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर हो रही बिजली चोरी भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई घरों में दो से पांच एयर कंडीशनर तक चल रहे हैं, जबकि कनेक्शन मात्र दो किलोवाट का है। कुछ मामलों में विद्युत कर्मचारियों की मिलीभगत से मीटर बाईपास कर मुफ्त बिजली का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन घरों का बिल 12 से 15 हजार रुपये आना चाहिए, वहां केवल हजार-बारह सौ रुपये का बिल बनता है और बाकी रकम अवैध रूप से वसूली जाती है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी के कारण ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं, पावर हाउस की मशीनें ट्रिप कर रही हैं और आम जनता को अघोषित कटौती का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने सभी घरों के बिजली मीटर बाहर लगाए जाने की मांग की। साथ ही कहा कि पूर्व सैनिक संगठन प्रत्येक मोहल्ले में निगरानी करेगा और जिन घरों में मीटर बाहर नहीं लगाए जाएंगे, उनकी सूचना सीधे विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाएगी। महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी ने कहा कि जिन घरों में इनवर्टर लगे हैं वे किसी तरह काम चला लेते हैं, लेकिन गरीब परिवारों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि एक छोटे कमरे में रहने वाले परिवार बिजली कटौती से बेहद परेशान हैं और लगातार हो रही कटौती से बच्चों व बुजुर्गों का हाल बेहाल है। बैठक में अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि वर्तमान में मीटरों की कमी है, लेकिन जैसे ही नए मीटर उपलब्ध होंगे, पूर्व सैनिक संगठन के सहयोग से युद्ध स्तर पर मीटर बाहर लगाने का अभियान चलाया जाएगा। वहीं अधिशासी अभियंता रत्नेश जायसवाल ने कहा कि संगठन के सहयोग से ऐसे घरों पर छापेमारी की जाएगी, जो कम क्षमता का कनेक्शन लेकर अधिक बिजली खपत कर रहे हैं। ट्रांसफार्मरों में तेल की कमी और बार-बार फुंकने की शिकायत पर अधिशासी अभियंता ने माना कि यह भी गंभीर समस्या है और जल्द ही ट्रांसफार्मरों में तेल का स्तर पूरा कराने की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में संगठन के उपाध्यक्ष एसपी सिंह, महिला केंद्रीय उपाध्यक्ष साधना सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

वन महोत्सव: मिर्जापुर भिटारी में हुआ पौधरोपण

– पर्यावरण संरक्षण का लिया गया संकल्प – पौधरोपण करते समाजसेवी संतोष तिवारी। फतेहपुर। देशव्यापी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *