नई दिल्ली। दिल्ली में 16 वर्षीय छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि पुलिस ने 31 अगस्त को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में बस के ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा की छात्रा है। घर में विवाद के बाद वह रात में बिना बताए निकल गई थी। वह नोएडा में रहने वाले अपने कजिन से मिलने जा रही थी।
बारिश के बीच परी चौक पर बस में बैठी छात्रा
बताया गया कि भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा रास्ते में भटक गई और परी चौक पहुंच गई। इसी दौरान वहां से एक खाली स्लीपर बस गुजर रही थी। बारिश से बचने के लिए छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया। ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बस में बैठा लिया और बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बस कुछ दूर चलने के बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। छात्रा ने विरोध किया तो आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने दोनों आरोपियों पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
47 किलोमीटर तक चलती रही बस
पुलिस के मुताबिक, छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया गया। परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस करीब 47 किलोमीटर चली। बस के शीशों पर पर्दे लगे होने के कारण बाहर से अंदर की गतिविधियां दिखाई नहीं दे रही थीं।
बस से उतरने के बाद छात्रा ने रात में ही कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
तिमारपुर की पार्किंग से पकड़े गए आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को तिमारपुर स्थित एक बस पार्किंग से गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी कब्जे में ले लिया है। बस की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना वाले दिन बस में खराबी आने के बाद उसे मरम्मत के लिए नोएडा के सूरजपुर स्थित एक वर्कशॉप ले जाया गया था। मरम्मत पूरी होने के बाद ड्राइवर और कंडक्टर खाली बस को तिमारपुर ले जा रहे थे। इसी दौरान परी चौक पर छात्रा ने बस को रोकने का इशारा किया था।
बस का रजिस्ट्रेशन नंबर UP-83 बताया गया है और यह फिरोजाबाद में पंजीकृत है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
News Wani
