– घटिया काम, जनता के पैसे की खुली लूट
– जलाला-पधारा मार्ग को खुदवाकर गुणवत्ता चेक करते विधायक।
फतेहपुर। जिले में विकास के नाम पर हुए बड़े घोटाले का मामला सुर्खियों में है। स्टेट हाइवे से जुड़े नहर पटरी वाले महत्वपूर्ण मार्ग जलाला से पधारा तक करीब पांच किलोमीटर सड़क की मरम्मत में भारी भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। ठेकेदारों और अधिकारियों पर घटिया सामग्री, पतली लेयर और पैसे की हेराफेरी का इल्ज़ाम है। भाजपा देवमई मंडल के कोषाध्यक्ष संगम सिंह तोमर ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर इसकी शिकायत क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र सिंह पटेल से की। विधायक ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और तुरंत मौके पर पहुंच गए। मौके पर ही उन्होंने ग्रामीणों और अधिकारियों के सामने सड़क खुदवाकर जांच की। ऊपरी परत इतनी पतली और कमजोर निकली कि आसानी से खोद दी गई जबकि ठेके में मोटी, मजबूत और उच्च गुणवत्ता वाली परत का वादा था। यह साफ संकेत था कि जनता के करोड़ों रुपये की लूट हुई है और निर्माण में खुला भ्रष्टाचार हुआ है। विधायक ने तुरंत काम रोकवा दिया और मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सख्त निर्देश दिए। विधायक ने साफ कहा कि ऐसा भ्रष्टाचार और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। जनता के पैसे से बने काम में गुणवत्ता सर्वाेपरि है।

News Wani