दिवाली की रात चलती कार पर पटाखे जलाते हुए स्टंट करने की दो तस्वीरें आई हैं। इनमें से एक मामला मंदसौर जबकि दूसरा मुरैना का है। इनके वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस टीमें इनकी तलाश में जुट गई हैं। मंदसौर में पिपलिया मंडी से मनासा रोड पर चलती कार नंबर एमपी 09 डीसी 8139 की छत पर युवकों ने पटाखे फोड़े। एक युवक ने चलती कार का गेट खोला, फिर स्काई शॉट पटाखा छत पर रखा और आग लगा दी। दूसरा युवक गाड़ी ड्राइव करता रहा। कार के पीछे चल रही बाइक पर बैठे युवकों ने इसका वीडियो बनाया। जिस युवक ने पटाखा कार की छत पर रखा था, वह भी खिड़की से आधा बाहर लटककर मोबाइल से वीडियो बना रहा था। पिपलिया मंडी चौकी प्रभारी धर्मेश यादव के अनुसार, पुलिस फिलहाल कार के नंबर के जरिए युवकों की पहचान करने में जुटी है। इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

कार के गेट पर खड़े होकर चलाया पटाखा: ऐसा ही नजारा सोमवार रात मुरैना में नेशनल हाईवे 44 पर दिखा। यहां सामने आए वीडियो में एक युवक चलती कार का गेट खोलकर उस पर खड़ा दिख रहा है। गाड़ी तेज रफ्तार से हाईवे पर दौड़ रही है। युवक ने एक हाथ से कार के दरवाजे को पकड़ा है जबकि दूसरे हाथ से कार की छत पर रखा पटाखा पकड़ा है।
वीडियो बानमौर कस्बे का बताया जा रहा है। इसे इंस्टाग्राम पर ‘हनी जैन’ नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से वायरल किया गया है।

कार के नंबर से युवकों को तलाश रही पुलिस: बानमौर थाना प्रभारी दीपेंद्र यादव ने कहा- हमारे पास भी स्टंट का वीडियो आया है। इसमें दिख रही मारुति स्विफ्ट कार का नंबर MP07 ZH 2699 है। इससे पता कर रहे हैं कि युवक कौन हैं, फिर उनके खिलाफ एक्शन लेंगे।
News Wani
