टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) की शुरुआत 7 फरवरी से हो चुकी है. पाकिस्तान की टीम इस टूर्नामेंट में अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल रही है. लेकिन मैदान पर प्रदर्शन से ज्यादा चर्चा सोशल मीडिया पर पाकिस्तान टीम के एक वायरल वीडियो की हो रही है. इस वीडियो में श्रीलंका में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को मिल रही मेहमान नवाजी (हॉस्पिटेलिटी) दिखाई गई है, जिसे देखकर फैंस टीम की जमकर फजीहत कर रहे है.
वायरल वीडियो और फैंस के रिएक्शन
वीडियो में खिलाड़ियों की हालत और वहां की व्यवस्था को देखकर सोशल मीडिया पर लोग पाकिस्तान टीम का खूब मजाक उड़ा रहे है. फैंस का कहना है पाकिस्तान को दी जाने वाली सुविधा और मेहमान नवाजी का लेवल यही है.
नीदरलैंड्स के खिलाफ मुश्किल से मिली जीत
पाकिस्तान ने इस वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत नीदरलैंड्स के खिलाफ की. इस मैच में पाकिस्तान की टीम हारते-हारते बची. पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी, लेकिन नीदरलैंड्स के बल्लेबाजों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली. नीदरलैंड्स ने 19.5 ओवर में 147 रन बनाए. 148 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम के पसीने छूट गए. टीम के बड़े बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए. आखिर में फहीम अशरफ ने ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम को डूबने से बचाया. पाकिस्तान ने यह मैच सिर्फ तीन विकेट से जीता, वह भी तब जब पारी की सिर्फ तीन गेंदे बची थी. अगर फहीम आखिरी ओवरों में तेज रन नहीं बनाते, तो पाकिस्तान पहला मैच ही हार चुका था.
अमेरिका से बदला लेने उतरेगी पाक टीम
आज 10 फरवरी को पाकिस्तान का मुकाबला अमेरिका (USA) से होने वाला है. यह मैच पाकिस्तान के लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है. इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि पिछले टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अमेरिका ने ही पाकिस्तान को हराकर बड़ा उलटफेर किया था और उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर सुपर 8 में जगह बनाई थी. इसके अलावा अमेरिका ने हाल ही में भारत के खिलाफ भी काफी अच्छा खेल दिखाया था. नीदरलैंड्स के खिलाफ पाकिस्तान के लचर प्रदर्शन को देखते हुए अमेरिका की टीम आज फिर से उलटफेर की तैयारी में होगी. फैंस की नजरें इस बात पर है कि क्या पाकिस्तान अपनी पिछली हार का बदला ले पाएगा या फिर उसे एक बार फिर शर्मिंदगी झेलनी पड़ेगी.
भारत के खिलाफ खेलने पर पाक का यू-टर्न
15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान महामुकाबले से पहले पाकिस्तान ने काफी ड्रामा किया. पहले पाकिस्तानी सरकार ने बांग्लादेश का समर्थन करने की बात कही थी और भारत के खिलाफ मैच खेलने से मना कर दिया था. लेकिन अब पाकिस्तान ने इस पर यू-टर्न ले लिया है. आईसीसी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच हुई एक बड़ी मीटिंग के बाद यह तय हुआ कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज का मुकाबला खेलेगा. आईसीसी ने इस खबर की आधिकारिक पुष्टि भी कर दी है. यानी अब 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच मैदान पर जंग देखने को मिलेगी.
2022 के बाद भारत से नहीं जीता पाकिस्तान
पाकिस्तान के लिए भारत के खिलाफ मुकाबला जीतना पहाड़ चढ़ने जैसा होगा. आंकड़ों की बात करें तो 2022 के एशिया कप के बाद से पाकिस्तान की टीम भारत को किसी भी फॉर्मेट में एक बार भी नहीं हरा पाई है. हर बार भारतीय टीम ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और पहले मैच में नीदरलैंड्स के खिलाफ खराब खेल के बाद पाकिस्तान पर काफी दबाव है. पाकिस्तान के फैंस डरे हुए है कि अगर टीम का यही हाल रहा, तो भारत के खिलाफ उनकी हार का सिलसिला इस बार भी नहीं टूटेगा. अब देखना होगा कि 15 फरवरी को पाकिस्तान क्या कमाल कर पाता है.
News Wani
