उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले नया राजनीतिक मोर्चा सामने आया है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का ऐलान किया है। लखनऊ में गुरुवार को हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में गठबंधन की घोषणा की गई।
गठबंधन ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इसके साथ ही चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। इस ऐलान के बाद प्रदेश की चुनावी राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है।
दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर विशेष नजर
नए गठबंधन की रणनीति में दलित और मुस्लिम मतदाताओं को प्रमुखता दी गई है। उत्तर प्रदेश में दलित आबादी करीब 21 प्रतिशत और मुस्लिम आबादी लगभग 19 प्रतिशत मानी जाती है। दोनों समुदायों की संयुक्त आबादी करीब 40 प्रतिशत होने के कारण यह गठबंधन इस बड़े मतदाता वर्ग को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करेगा।
सभी 403 सीटों पर उतारे जाएंगे उम्मीदवार
सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। गठबंधन का उद्देश्य दलितों, अल्पसंख्यकों, युवाओं, किसानों और वंचित वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाना बताया गया है।
सपा और भाजपा के सामने नई चुनौती?
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इस गठबंधन का असर प्रदेश की चुनावी राजनीति पर पड़ सकता है। खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मुस्लिम-दलित आबादी वाले क्षेत्रों में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं। हालांकि गठबंधन को चुनाव में कितनी सफलता मिलेगी, यह उम्मीदवारों के चयन, संगठन की मजबूती और मतदाताओं के समर्थन पर निर्भर करेगा।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बने इस नए मोर्चे ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
News Wani
