पानीपत : पानीपत में गांव में महिला के साथ घर में घुसकर रेप करने का मामला सामने आया है। जहां, पड़ोसी दबे कदमों से अलसुबह 4 बजे घर में घुसा। इसके बाद उसने सोई हुई महिला का मुंह दबाया और उसके साथ रेप किया। साथ वाले कमरे में सास और देवर सोया हुआ था। महिला के साथ रेप कर आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसके बाद महिला ने आपबीती अपने परिजनों को बताई। साथ ही मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसका पति पड़ोस की ही एक 16 साल की लड़की से छेड़छाड़ के मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत जेल में बंद है। वह 1 जुलाई से जेल में है। वह ससुराल में ही रहती है। जहां उसका देवर और सास भी रहते हैं। दो दिन पहले वह घर पर सो रही थी। महिला ने कहा कि वह अपने कमरे में अकेली थी, जबकि साथ वाले कमरे में देवर और सास सोए हुए थे। अलसुबह करीब 4 बजे उसके कमरे में पड़ोसी सिंदर आया। जिसने वहां आते ही उसका मुंह दबा लिया। जिससे उसकी आंख खुली। आरोपी ने उससे जबरदस्ती करने की कोशिश की, जिसका उसने विरोध किया। लेकिन आरोपी ने चीखने पर उसका गला घोंट कर जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद उसने महिला के साथ रेप किया। महिला ने बताया कि आरोपी करीब 2 घंटे तक उसके कमरे में रहा। सुबह करीब 6 बजे वह कमरे से भागा। जिसके बाद उसने हिम्मत कर आपबीती परिजनों को बताई।
