मुंबई: नवी मुंबई के वाशी में एक शख्स ने अपनी प्रेमिका के पति को मारकर डेड बॉडी खाड़ी में फेंक दी। डेड बॉडी मिलने के बाद वाशी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी और महिला का करीब 2 साल से अफेयर चल रहा था जिसे लेकर महिला का उसके पति से पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। आसपास के लोगों ने महिला के पति को इनके संबंध के बारे में कुछ बताया था। जिसके बाद मृतक आरोपी के कमरे पर गया था और वहां जाकर उसने पूछा कि मैं जो मेरी पत्नी और तेरे संबंधों के बारे में सुन रहा हूं उसकी क्या हकीकत है। इस पर आरोपी ने उसके साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। इस बीच आरोपी ने घर में रखे फावड़े से हमला कर घायल कर दिया और उसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को वाशी के खाड़ी में लाकर फेंक दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और इसके बाद एक FIR दर्ज की गई।
हत्या की ये वारदात 21 और 22 जुलाई की दरम्यानी रात को हुई। 25 वर्षीय महिला के 35 वर्षीय पति अबुबकर सुहादअली मंडल का आरोपी ने कत्ल कर दिया। वो महिला द्वारा शादी के प्रस्ताव को बार-बार ठुकराए जाने से नाराज था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया तो पता चला कि उसने महिला से शादी करने के लिए कहा था लेकिन महिला ने नकार दिया था। इसलिए उसने सोचा कि अगर उसके पति को मारकर ठिकाने लगा देगा तो शायद उसकी शादी हो जाएगी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान 21 वर्षीय अमीनुर अली अहमदअली मोल्ला के रूप में हुई है। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (1) (हत्या) और 238 (साक्ष्य नष्ट करना) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था जहां से कोर्ट ने उसे 7 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
News Wani
