लखनऊ। विकास खण्ड मोहनलालगंज स्थित गौरा रिज़ॉर्ट में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनांतर्गत 95 जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मोहनलालगंज के विधायक अमरेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्य तथा ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। विवाह गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच पुरोहितों ने विधि-विधान से सभी जोड़ों के विवाह संस्कार पूर्ण कराए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्वयं नवविवाहित जोड़ों के पास जाकर कन्यादान की रस्म निभाई तथा वर-वधुओं को आशीर्वाद एवं उपहार प्रदान किए। समारोह में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला। मुख्य अतिथि विधायक अमरेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पात्र कन्याओं के खातों में 60 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से तथा 25 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की जाती है। वहीं आयोजन की व्यवस्थाएं समाज कल्याण विभाग द्वारा की जाती हैं। विधायक ने नवविवाहित जोड़ों को नशे से दूर रहने का संकल्प भी दिलाया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जानकारी दी कि वार्षिक 3 लाख रुपये आय सीमा के अंतर्गत जीवन-यापन करने वाले परिवारों की विवाह योग्य कन्याओं का विवाह योजना के तहत कराया जाता है। पात्रता की जांच ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से की जाती है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला, पूर्व विधायक चंदा रावत, वीरेंद्र प्रताप सिंह (चेयरमैन, जिला सहकारी बैंक), अजीत कुमार सिंह (जिला विकास अधिकारी), खंड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
News Wani
