– बहुआ ब्लाक की छात्राओं ने जवाहरलाल नेहरू आनंद भवन का किया भ्रमण
– प्रयागराज में शैक्षिक भ्रमण करते बहुआ ब्लाक के छात्र।
फतेहपुर। विकास खंड बहुआ के छात्रों ने शनिवार को एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण के तहत प्रयागराज स्थित जवाहरलाल नेहरू आनंद भवन तथा चंद्रशेखर आजाद पार्क का भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने विज्ञान, इतिहास और भारतीय संस्कृति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। भ्रमण के दौरान छात्रों ने जवाहर तारा मंडल में ग्रहों और उपग्रहों की संरचना तथा अंतरिक्ष से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों के बारे में जानकारी हासिल की। वहीं आनंद भवन में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं को करीब से देखा और उनके जीवन व स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान के बारे में जाना। इसके बाद छात्रों ने चंद्रशेखर पार्क पहुंचकर महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। पार्क स्थित संग्रहालय में छात्रों ने विलुप्त और वर्तमान प्रजातियों के नमूनों के साथ-साथ भारतीय राजपरंपरा के प्रतीक ‘संगोल’ तथा भारतीय पुरातत्व से जुड़े विभिन्न कालखंडों की मूर्तिकला और सांस्कृतिक धरोहरों का भी अध्ययन किया। यह शैक्षिक भ्रमण छात्रों के लिए काफी ज्ञानवर्धक साबित हुआ। इससे उन्हें इतिहास, विज्ञान और भारतीय संस्कृति के बारे में प्रत्यक्ष रूप से सीखने का अवसर मिला। इस अवसर पर अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह सेंगर, महामंत्री संतोष कैथल, एआरपी अभिषेक कुमार आर्या, अनुपम चंद्र श्रीवास्तव, राधेलाल, शिक्षक जितेंद्र मिश्रा, रवि प्रताप सिंह, सुनील कुमार सिंह, शिल्पा पाल, अर्चना कुमारी, धर्मपाल, पीडी शर्मा, मिथलेश, राजेश शुक्ला मौजूद रहे।

News Wani