महोबा। जिले की सदर तहसील क्षेत्र के रैपुराकला गांव के बनियातला मजरे में बारातघर की सुविधा न होने से ग्रामीणों को शादी-विवाह के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का समाधान न होने पर गांव की किशोरियों और युवतियों ने अनोखी पहल करते हुए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने गांव में बारातघर का निर्माण कराने की मांग की, ताकि वैवाहिक कार्यक्रमों के दौरान होने वाली समस्याओं से छुटकारा मिल सके।
ग्रामीणों के मुताबिक, बनियातला मजरे की आबादी करीब 1700 है। गांव में बारातघर न होने के कारण शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में काफी दिक्कतें आती हैं। बारातियों के ठहरने के लिए उचित स्थान उपलब्ध नहीं होने से कई बार लड़की पक्ष के साथ-साथ गांव के लोगों को भी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में किशोरियों ने बताया कि गांव में शादी के दौरान बारातियों को ठहराने के लिए पर्याप्त जगह और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। मजबूरी में बारातियों को खेतों में ठहराना पड़ता है और भोजन की व्यवस्था भी वहीं करनी पड़ती है। उनका कहना है कि गांव के सरकारी स्कूल में भी बारातियों को ठहराने की अनुमति नहीं मिलती, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।
शादी के रिश्तों पर भी पड़ता है असर
किशोरियों ने बताया कि बारातियों के लिए उचित इंतजाम न होने पर लड़की पक्ष को ताने सुनने पड़ते हैं। कई बार ऐसी परिस्थितियों का असर शादी के रिश्तों पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में गांव की इन किशोरियों की भी शादी होनी है, इसलिए वे अभी से इस समस्या को लेकर चिंतित हैं।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि आसपास के गांवों और मजरों में बारातघर की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन बनियातला में अब तक ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम प्रधान से कई बार बारातघर बनवाने की मांग की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
15 से 18 वर्ष की किशोरियों ने उठाई आवाज
गांव की समस्या को लेकर मंजली, शगुन, रोशनी, जयंती, अनीता, संगीता, नेहा, निकिता, रामसखी, उमा, पूजा सहित अन्य किशोरियां और युवतियां कलेक्ट्रेट पहुंचीं। करीब 15 से 18 वर्ष की इन किशोरियों ने जिलाधिकारी से गांव में बारातघर बनवाने की मांग की। उनका कहना है कि बारातघर बनने से ग्रामीणों को शादी-विवाह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में बड़ी राहत मिलेगी।
News Wani
