ईरान के उप विदेश मंत्री सईद खतीबजादेह ने अमेरिका और इजरायल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि ईरान इस समय पूर्ण युद्ध जैसी स्थिति का सामना कर रहा है और देश के पास आखिरी गोली और आखिरी सैनिक तक लड़ने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि ईरान अपने देश और नागरिकों की रक्षा के लिए “वीर राष्ट्रवादी रक्षा” कर रहा है। सईद खतीबजादेह ने यह बयान नई दिल्ली में आयोजित रायसीना डायलॉग 2026 के दौरान एएनआई से बातचीत में दिया। उन्होंने कहा कि इस समय ईरान पर लगातार हमले हो रहे हैं और तेहरान समेत कई शहरों को निशाना बनाया जा रहा है। उनके मुताबिक अमेरिका और इजरायल ईरान को अधिकतम नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।
ईरानी उप विदेश मंत्री ने कहा कि ईरान के नागरिक लगातार हमलों का सामना कर रहे हैं और राजधानी तेहरान पर भी लगातार हमले किए जा रहे हैं। ऐसे हालात में ईरान के पास अपने देश की रक्षा करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई ईरान के लिए राष्ट्रीय सम्मान और अस्तित्व की लड़ाई है। खतीबजादेह ने अंतरराष्ट्रीय कानून का भी जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के कई देश अंतरराष्ट्रीय कानून की बात करते हैं, लेकिन वर्तमान हालात में उसी कानून का उल्लंघन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि अंतरराष्ट्रीय कानून की अनदेखी की जाएगी तो वैश्विक व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा। उन्होंने अमेरिका पर एक अन्य देश के प्रमुख की हत्या कराने का भी आरोप लगाया और कहा कि यदि यह अंतरराष्ट्रीय राजनीति का नया मानक बन गया तो दुनिया में सामान्य कूटनीतिक संबंध बनाए रखना मुश्किल हो जाएगा।
ईरान के उप विदेश मंत्री ने हिंद महासागर में डूबे ईरानी जहाज का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि यह जहाज भारत के निमंत्रण पर एक अंतरराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास में शामिल होने आया था और वह पूरी तरह निहत्था और बिना हथियारों के था। खतीबजादेह ने कहा कि ऐसे जहाज पर हमला करना नाजी जर्मनी के दौर की घटनाओं की याद दिलाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस घटना में कई युवा ईरानी नाविकों की मौत हुई है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा। भारत और ईरान के संबंधों पर बोलते हुए खतीबजादेह ने कहा कि दोनों देशों के बीच प्राचीन सभ्यतागत संबंध हैं। उन्होंने बताया कि रायसीना डायलॉग के दौरान उनकी भारत के विदेश मंत्री से भी संक्षिप्त मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि ईरान भारत के साथ अपने संबंधों को बेहद महत्वपूर्ण मानता है और दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और ऐतिहासिक जुड़ाव गहरा है।
News Wani
