आईपीएल 2026 में अब तक 18 मैच हो चुके हैं. इतने मैचों के बाद जिस टीम की हालत सबसे ज्यादा खराब है वो कोई और नहीं बल्कि 3 बार की चैंपियन केकेआर है. पहले चार मैचों में इस टीम को एक भी जीत नसीब नहीं हुई है. केकेआर को अगला मैच 14 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलना है. इस मैच से पहले पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे संघर्ष कर रही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए अच्छी खबर आई है.
ये वही खिलाड़ी है, जो अगर अपने रंग में दिखा तो टीम की किस्मत बदल सकता है. ये कोई और नहीं बल्कि 18 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत पर खरीदे गए श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना हैं, जो अब अपनी चोट से उबर चुके हैं और उन्हें श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से NOC भी मिल गई है.
अनोखे एक्शन से बल्लेबाजों को देते हैं चकमा
अपने अनोखे ‘स्लिंगा’ एक्शन से बल्लेबाजों के पैरों की उंगलियां तोड़ने वाले पथिराना को लिटिल मलिंगा भी कहा जाता है. वो दिग्गज मलिंगा जैसे एक्शन के साथ ही बॉलिंग करते हैं. इस यॉर्कर किंग का केकेआर से जुड़ना टीम के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है. अब देखना यह होगा कि क्या 14 अप्रैल को अपनी पूर्व टीम CSK के खिलाफ होने वाले महामुकाबले में पथिराना KKR के लिए जीत का खाता खोल पाएंगे? या उन्हें कुछ मैचों का इंतजार और करना पड़ेगा.
पथिराना पिछले कुछ सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए मैच विनर थे, लेकिन 2025 में खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें चेन्नई ने रिलीज कर दिया था. जिसके बाद केकेआर ने इस खिलाड़ी पर नीलामी में 18 करोड़ रुपए लुटाए थे. चोट के चलते वो सीजन के पहले 4 मैच नहीं खेल सके, लेकिन अब उन्होंने अपना फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और उन्हें NOC मिल चुकी है. मथीशा पथिराना के 14 अप्रैल को चेन्नई में CSK के खिलाफ होने वाले मुकाबले में KKR से जुड़ने की खबर है.
पथिराना को क्या हुआ था?
मथीशा पथिराना T20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान चोटिल हुए थे. उन्हें बाएं पैर में इंजरी हुई थी. वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में सिर्फ 4 गेंद डालने के बाद वो टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे. इसी चोट से ठीक होने में उन्हें लंबा वक्त लग गया. केकेआर के स्टार बॉलर आकाश दीप और हर्षित राणा चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर हैं. इसलिए पथिराना की वापसी केकेआर के लिए बड़ी खुशखबरी और राहत मानी जा रही है.
मथीशा पथिराना का आईपीएल करियर?
मथीशा पथिराना आईपीएल के 32 मैचों में 47 विकेट ले चुके हैं. उन्होंने पिछले 4 सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले. IPL 2022 में डेब्यू करने वाले पथिराना पहली बार केकेआर से खेल रहे हैं. यह आईपीएल में उनकी दूसरी टीम है.
News Wani
