जबलपुर: शहर में मंगलवार शाम एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां पुलिस और एक शातिर अंतरराज्यीय चोर के बीच फिल्मी अंदाज में पीछा हुआ। खुद को बचाने के लिए आरोपी खितौला स्टेशन के पास काई से भरे एक तालाब में कूद गया और करीब 5 घंटे तक पानी के अंदर छिपा रहा। दूसरी बड़ी खबर यह है कि पकड़ा गया बदमाश, उत्तर प्रदेश में राजनीति करता था और वार्ड पार्षद रह चुका है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी रीवा-इतवारी ट्रेन के एसी कोच में एक महिला का पर्स छीनने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान आरपीएफ की नजर उस पर पड़ गई। ट्रेन के सिहोरा स्टेशन के पास धीमी होते ही वह कूदकर भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो वह पास के तालाब में जा घुसा और पानी के भीतर गायब हो गया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने कमल की डंठल (नाल) को पाइप की तरह इस्तेमाल कर सांस ली, जिससे वह लंबे समय तक पानी में छिपा रह सका। अंधेरा और तालाब में फैली काई के चलते पुलिस को उसे ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। खितौला थाना पुलिस और गोताखोरों ने घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार करीब 5 घंटे बाद उसे तालाब से बाहर निकालकर गिरफ्तार कर लिया गया।
‘सन्नी’ नाम सुनते ही खुली असलियत
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और गलत नाम-पता बताया। लेकिन आरपीएफ थाना प्रभारी को शक हुआ। पुराने रिकॉर्ड के आधार पर जैसे ही उसे ‘सन्नी’ नाम से पुकारा गया, वह घबरा गया और अपनी असली पहचान उजागर कर दी।
8 राज्यों में फैला था नेटवर्क
जांच में पता चला कि आरोपी हरविंदर सिंह (32), उत्तर प्रदेश के बिजनौर का निवासी है और अब तक 400 से ज्यादा चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। वह 2017 में हल्दौर नगर निकाय का वार्ड पार्षद भी रह चुका है। पुलिस के अनुसार, वह ट्रेनों के एसी कोच को निशाना बनाता था और टिकट चेकर से बचने के लिए बाथरूम में छिप जाता था। उसके खिलाफ मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में केस दर्ज हैं। फिलहाल जबलपुर पुलिस और आरपीएफ आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य अपराधों की जानकारी जुटाई जा रही है।
News Wani
