– ग्राम मोहम्मदपुर में मिले किसान के शव का पुलिस ने किया खुलासा
– चार हत्यारोपी गिरफ्तार, निशादेही पर दराती बरामद
– पुलिस टीम की गिरफ्त में हत्यारे।
फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर में दस दिन पूर्व खेत में मिले किसान के शव का पुलिस ने खुलासा करते हुए इस हत्याकाण्ड में शामिल उसकी पत्नी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशादेही पर दराती भी बरामद कर ली है। प्रेम प्रसंग के चलते पत्नी ने प्रेमी, बहनोई व भाई के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। बताते चलें कि 19 नवंबर को ग्राम मोहम्मदपुर थाना गाजीपुर में गांव से करीब तीन सौ मीटर पूर्व रामकिशोर के खेत स्थित कटहल के पेड़ के नीचे मृतक बाबूलाल पुत्र स्व0 सुंदरलाल रैदास निवासी ग्राम संवत हाल पता ग्राम मोहम्मदपुर का शव मिला था। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था। एसपी ने पुलिस को घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। गाजीपुर थाना पुलिस की विवेचना में प्रकाश में आए अभियुक्त संग्राम सिंह पुत्र स्व0 रामगुलाम, मान सिंह पुत्र भोले, सुनीता पत्नी स्व0 बाबूलाल निवासीगण ग्राम मोहम्मदपुर व नीरज पुत्र कामता प्रसाद निवासी ग्राम सरकंडी थाना असोथर को गिरफ्तार करते हुए उनकी निशादेही पर दराती बरामद कर ली। गाजीपुर थाना प्रभारी हनुमान प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक बाबूलाल की पत्नी का प्रेम प्रसंग संग्राम सिंह से लगभग 15 वर्षों से चल रहा था। मृतक बाबूलाल संग्राम के खेत देखता था। बाबूलाल इसका विरोध करता था और पत्नी को मारता-पीटता था। मृतक बाबूलाल घटनास्थल पर साढ़ू मान सिंह, पत्नी सुनीता व साले नीरज के साथ मौजूद था। उसके पश्चात संग्राम सिंह भी आ गया। सभी ने मृतक को अत्यधिक शराब पिलाई और उसके ही गमछे से फंदा डालकर हत्या कर दी। आत्महत्या का रूप देने के लिए गमछे को दराती से काटकर दो भाग करके कटहल के पेड़ में डालकर लटका दिया और चले गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक ने अपने साढ़ू की पुत्री को गोद भी लिया था। दोनों के बीच अनबन होने पर मृतक ने गोद ली पुत्री को अपनी सम्पत्ति में से कोई भी भाग न दिए जाने की बात लगातार की जा रही थी। सभी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी के अलावा वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरिनाथ सिंह, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार मौर्य, हेमन्त, कांस्टेबल ललित मिश्रा, कुंदन यादव, विक्रम सिंह व सीता सिसौदिया शामिल रहीं।

News Wani