फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-2 पर गुरुवार की दोपहर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 25 वर्षीय बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पहुंची सरकारी एंबुलेंस की मदद से घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर इटौली गांव निवासी रंजीत का पुत्र जयकरण अपने मित्र को रिश्तेदारी में छोड़ने गया था। मित्र को छोड़कर वह बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान थरियांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-2 पर पहुंचते ही पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
वाहन की टक्कर लगते ही जयकरण सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और एंबुलेंस को दी।
सूचना मिलते ही सरकारी एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल जयकरण को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हादसे में घायल युवक के शरीर में कई जगह चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के माध्यम से वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
News Wani
