सीएम योगी 2 दिवसीय वाराणसी दौरे पर हैं। पहले दिन रविवार को उन्होंने सर्किट हाउस में बैठक की। इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में बटुक के साथ मारपीट को लेकर अफसरों को फटकार लगाई। नाराजगी जताते हुए कहा कि दर्शनार्थियों के साथ पुलिस को दुर्व्यवहार नहीं करना चाहिए। यहां दुर्व्यवस्था की भी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। दरअसल, 27 फरवरी को काशी में बाबा विश्वनाथ धाम के गेट पर सिपाही ने एक बटुक को पीट दिया था। सिपाही ने उसे 3 थप्पड़ जड़े थे। फिर दरोगा ने उसके बाल खींचे और धक्का देकर बैरिकेडिंग के पीछे कर दिया था। उसे लाइन में लगने नहीं दिया था। रविवार को सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि मंदिर प्रशासन को व्यवस्था में सुधार लाना चाहिए, जिससे यहां आने वाले भक्तों को दिक्कत न हो। साथ ही पुलिस को भी सुधार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब भविष्य में ऐसी शिकायतें नहीं मिलनी चाहिए। अपराध पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधियों के साथ किसी तरह की ढील नहीं चलेगी। सीएम ने आने वाले त्योहारों को लेकर भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि होली पर हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई हो। त्योहार शांतिपूर्वक निपट सकें, इसके लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी 24 घंटे मुस्तैद रहें।
सीएम ने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की पहुंचने की व्यवस्था की जाए। मंदिर में मिलने वाली सामग्रियों का मूल्य ठीक हो। धार्मिक संस्थाएं पैसा कमाने का जरिया नहीं, बल्कि श्रद्धा का स्थल हैं, इसलिए श्रद्धालुओं के लिए इन स्थानों पर बेहतर व्यवस्था की जाए।
News Wani
