Breaking News

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान ने भारत के सामने रखा 338 रनों का लक्ष्य, उस्मान खान की शतकीय पारी; काव्य पटेल ने झटके 4 विकेट

अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम के सामने 338 रनों का विशाल लक्ष्य रखा है। अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए।

पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 111 गेंदों का सामना करते हुए 107 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। काव्य पटेल ने उन्हें आउट कर भारत को अहम सफलता दिलाई।

उस्मान के अलावा अब्दुल कादिर ने 54 गेंदों पर 80 रनों की आक्रामक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 8 छक्के लगाए। वहीं, कप्तान फरहान यूसुफ ने भी 63 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

भारतीय गेंदबाजों में काव्य पटेल सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 विकेट हासिल किए। चिगुरुपति वेंकट ने 3 विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी पर अंकुश लगाने का प्रयास किया, जबकि अर्जुन राजपूत को एक सफलता मिली। पाकिस्तान का एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। भारतीय प्लेइंग इलेवन में ईशान सूद की जगह सी. वेंकट को शामिल किया गया। ईशान चोट के कारण मुकाबले से बाहर रहे।

चौथी बार फाइनल में आमने-सामने भारत-पाकिस्तान

अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान की टीमें चौथी बार फाइनल में भिड़ रही हैं। इससे पहले दोनों टीमों के बीच तीन खिताबी मुकाबले खेले जा चुके हैं। साल 2012 में फाइनल टाई रहा था और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। 2013-14 में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था, जबकि 2025 में पाकिस्तान ने जीत दर्ज की थी।

अब 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के सामने खिताब अपने नाम करने की बड़ी चुनौती है। मुकाबले का नतीजा भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा।

About NW-Editor

Check Also

2018 सैंडपेपर विवाद पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा फैसला, पुरानी जांच दोबारा खोलने से किया इनकार

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 का चर्चित सैंडपेपर विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। गेंद …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *