Breaking News

ऐतिहासिक खिचड़ी मेला जियारेस्वर बाबा मंदिर मैदान में आस्था का महासंगम, लगातार पांचवें दिन भी उमड़ा जनसैलाब

 

शाह/फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना अंतर्गत शाह कस्बे जियारेस्वर बाबा की पावन धरती पर स्थित मंदिर परिसर एवं मैदान में लगने वाला ऐतिहासिक खिचड़ी मेला इस वर्ष भी अपनी परंपरागत भव्यता और श्रद्धा के साथ आयोजित किया जा रहा है। वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के तहत लगने वाला यह मेला कुल सात दिवसीय होता है, जिसमें दूर-दराज़ से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। मेले के पांचवें दिन भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मेला परिसर हर-हर महादेव व जय जियारेस्वर बाबा के जयकारों से गूंज उठा।ऐसा माना जाता है कि जियारेस्वर बाबा के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मुरादें अवश्य पूरी होती हैं। इसी आस्था के कारण ऐतिहासिक खिचड़ी मेले का विशेष महत्व है। श्रद्धालु बाबा को खिचड़ी का भोग अर्पित कर सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना करते हैं। यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को भी सहेजे हुए है।

मेले के सुचारु संचालन एवं व्यवस्थाओं को लेकर ग्राम प्रधान शाह शशिभूषण सिंह चंदेल उर्फ सुशील सिंह चंदेल जी के दिशा-निर्देशों में मेला समिति पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दी। मेला मैदान, मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों, दुकानों, पार्किंग स्थल और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में समिति के पदाधिकारी लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं, ताकि मेले में आए किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो।मेला समिति द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था,पेयजल, यातायात नियंत्रण एवं प्राथमिक चिकित्सा जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। स्वयंसेवकों और समिति सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जिससे दर्शन-पूजन का कार्य सुचारु रूप से चलता रहे। भीड़ नियंत्रण के लिए लगातार अनाउंसमेंट के माध्यम से श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की जा रही है।ऐतिहासिक खिचड़ी मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ पारंपरिक लोक-संस्कृति की झलक भी देखने को मिल रही है।

बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित हर आयु वर्ग के लोग मेले का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। स्थानीय दुकानों, खिलौनों, खान-पान और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी हुई है, जिससे क्षेत्रीय व्यापार को भी बढ़ावा मिल रहा है।इस अवसर पर मेला समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से रामेश्वर सिंह, शत्रुघ्न सिंह, एडवोकेट इरफ़ान खान उर्फ गुडडू खान, फिरोज आलम बब्लू सिद्दीकी, एजाज खान, सुद्धू सिंह, चौधरी लोहार, रुखसार खान, कलीम खान सहित तमाम समिति पदाधिकारी एवं सदस्य दिन-रात सेवा कार्य में जुटे हुए हैं। सभी का एक ही उद्देश्य है कि यह ऐतिहासिक 7 दिवसीय खिचड़ी मेला पूरी शांति, व्यवस्था और गरिमा के साथ संपन्न हो।मेले में आए श्रद्धालुओं ने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए ग्राम प्रधान एवं मेला समिति की खुले दिल से सराहना की। श्रद्धालुओं का कहना है कि सुरक्षा, साफ-सफाई और सुविधाओं के चलते उन्हें दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।जैसे-जैसे मेले के अंतिम दिन नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए मेला समिति द्वारा अतिरिक्त इंतज़ाम किए जा रहे हैं। आस्था, परंपरा और विश्वास का यह ऐतिहासिक खिचड़ी मेला जियारेस्वर बाबा मंदिर मैदान में क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान के रूप में एक बार फिर अपनी विशेष छाप छोड़ता नजर आ रहा है।

About NW-Editor

Check Also

बाल वाटिका को सुदृढ़ बनाने के दिए टिप्स

– बच्चों को माला पहनाकर स्वागत करते अधिकारी। फतेहपुर। ब्लाक संसाधन केंद्र शाह बहुआ में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *