फतेहपुर। सावन माह के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की आराधना, लोककल्याण एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर थरियांव स्थित पलक आई केयर सेंटर में रुद्राभिषेक एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। आयोजन में क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं कस्बों से बड़ी संख्या में शिवभक्त और श्रद्धालु शामिल हुए।
आयोजक डॉ. डी.एस. यादव के नेतृत्व में दोपहर तीन बजे रुद्राभिषेक कार्यक्रम शुरू हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरा आयोजन स्थल हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय यादव महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं युवा विंग प्रभारी चौधरी राजेश यादव भी पहुंचे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर जलाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सद्भाव मजबूत होता है। ऐसे आयोजनों में सभी वर्गों की सहभागिता सराहनीय है।
रुद्राभिषेक के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल और प्रसाद वितरण सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। भंडारे के दौरान भी हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आयोजक डॉ. डी.एस. यादव ने कहा कि सावन माह भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है। श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक में शामिल होकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया और इसके बाद भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
इस मौके पर डॉ. डी.एस. यादव, चौधरी राजेश यादव, राहुल यादव, सतेंद्र यादव, शुभम यादव, ललित तिवारी, प्रभात त्रिवेदी, रितेश प्रजापति, राजेश श्रीवास्तव, केतकी सिंह यादव, रत्नेश रत्ना, सर्वेश यादव, वीर सिंह यादव, विनय यादव, भूप सिंह यादव, नरसिंह यादव, ध्यान सिंह यादव एवं सतेंद्र सिंह यादव आदि मौजूद रहे।
News Wani
