न्यूज़ वाणी ब्यूरो बांदा। जिले में अपराधियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक पुराने पॉक्सो मामले में न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए चार वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
मामला कमासिन थाना क्षेत्र के जोरावरपुर गांव का है। यहां के निवासी हीरालाल उर्फ हीरो पुत्र रामसनेही के खिलाफ वर्ष 2018 में थाना कमासिन में मुकदमा अपराध संख्या 93/2018 दर्ज किया गया था। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354(क) और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
न्यायालय में प्रभावी पैरवी से मिली सजा
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मामले की विवेचना को प्रभावी ढंग से पूरा किया गया। इसके साथ ही अभियोजन पक्ष की ओर से न्यायालय में मजबूत पैरवी की गई। पुलिस की इस कार्रवाई के परिणामस्वरूप शुक्रवार को संबंधित न्यायालय ने अभियुक्त को दोषी ठहराते हुए चार साल के कठोर कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
एसपी के निर्देशन में जारी है अभियान
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए लगातार प्रभावी पैरवी की जा रही है। इसी क्रम में वर्ष 2018 के इस पॉक्सो मामले में भी आरोपी को सजा दिलाने में बांदा पुलिस को सफलता मिली है।
News Wani
