Breaking News

बिना बिजली जलाए गरीब मजदूरों के घर पहुंच रहे लाखों के बिल; बिजली विभाग की लापरवाही पर भड़के ए. एस. नोमानी

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा।

जनपद बांदा में बिजली विभाग की कथित लापरवाही और गलत बिलिंग व्यवस्था को लेकर गरीब एवं मजदूर परिवारों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। आरोप है कि कई उपभोक्ताओं को बिजली का इस्तेमाल न करने या बेहद कम खपत होने के बावजूद हजारों रुपये के बिल थमाए जा रहे हैं। कुछ मामलों में बिल की राशि 20 हजार, 50 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

इस मामले को लेकर बुंदेलखंड इंसाफ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ए. एस. नोमानी ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि गलत मीटर रीडिंग और मनमानी बिलिंग का सबसे ज्यादा असर गरीबों और मेहनत-मजदूरी करके परिवार चलाने वाले लोगों पर पड़ रहा है।

नोमानी के मुताबिक, बुंदेलखंड क्षेत्र के हजारों मजदूर रोजगार की तलाश में दिल्ली, मुंबई और अन्य महानगरों में जाते हैं। कई महीनों तक बाहर रहकर मेहनत करने के बाद जब वे घर लौटते हैं, तो उन्हें बच्चों की पढ़ाई, परिवार के खर्च और इलाज के लिए बचाई गई रकम से बिजली का भारी-भरकम बिल चुकाने की चिंता सताने लगती है।

उन्होंने सवाल उठाया कि सीमित आमदनी में परिवार का पालन-पोषण करने वाले मजदूर आखिर बच्चों की शिक्षा, इलाज और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करें या फिर गलत बिलिंग का आर्थिक बोझ उठाएं?

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

ए. एस. नोमानी ने शासन और बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की कि गलत मीटर रीडिंग और कथित फर्जी बिलिंग के मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही या जानबूझकर गड़बड़ी सामने आए, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही गलत बिलों को तत्काल संशोधित कर प्रभावित उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार और ऊर्जा विभाग से सवाल किया कि आखिर गरीब उपभोक्ताओं को इस तरह की परेशानियों से कब राहत मिलेगी? बिजली विभाग की जिम्मेदारी तय करते हुए शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण क्यों नहीं किया जा रहा है?

समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

नोमानी ने चेतावनी दी कि यदि बिजली विभाग ने गलत बिलिंग की समस्या पर जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए और पीड़ित उपभोक्ताओं को न्याय नहीं मिला, तो बुंदेलखंड इंसाफ सेना जनता के साथ मिलकर बड़े स्तर पर जनआंदोलन करेगी।

उन्होंने कहा कि संगठन गरीबों, मजदूरों और आम बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाता रहेगा।

About NW-Editor

Check Also

देव दीपावली पर दीपों से जगमगाया केन घाट, सीएम योगी की दिवंगत माता जी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। देव दीपावली के पावन अवसर पर बांदा के भूरागढ़ स्थित केन …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *