नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में युवाओं को नशे की बढ़ती समस्या के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि आज देश के युवा बड़े-बड़े सपने देख रहे हैं, लेकिन नशे की लत उनके भविष्य के सामने एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है। इससे मुक्ति पाना और युवाओं को नशे से दूर रखना बेहद जरूरी है।
पीएम मोदी ने कहा कि देश में ऐसे कई उदाहरण हैं, जिन्होंने नशे की लत से बाहर निकलकर अपनी जिंदगी को नई दिशा दी है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान एक ऐसे युवक से बातचीत की, जिसने नशे की आदत छोड़कर नई शुरुआत की।
युवक ने बताया कि दिल्ली के सदर बाजार में रहने के दौरान उसने आसपास के लोगों को नशा करते देखा। इसी माहौल में दसवीं कक्षा के दौरान उसने पहली बार नशा किया। शुरुआत में यह शौक था, लेकिन धीरे-धीरे इसकी आदत पड़ गई। वह अपनी कमाई और घर के पैसे भी इसी में खर्च करने लगा।
युवक ने बताया कि माता-पिता और नानी को खोने के बाद वह अकेला पड़ गया था। नशे की वजह से उसकी जिंदगी मुश्किल हो गई थी। बाद में उसने खुद को बदलने का फैसला किया और वसंत कुंज स्थित नशामुक्ति केंद्र की मदद से इस आदत से बाहर निकलने की दिशा में कदम बढ़ाया।
इस पर प्रधानमंत्री ने युवक की सराहना करते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति और सही प्रयास से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। उसकी कहानी दूसरे युवाओं को भी नशे से दूर रहने और जरूरत पड़ने पर मदद लेने की प्रेरणा देगी।
सरकारी कर्मचारियों के लिए डिजिटल शिक्षा की सराहना
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में सीखने की महत्ता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि नई चीजें सीखने की कोई उम्र नहीं होती। सरकारी सेवा में 20 से 25 साल का अनुभव रखने वाले कर्मचारी भी अपनी जिम्मेदारियों के साथ नई तकनीक और कौशल सीख रहे हैं।
उन्होंने ‘iGOT कर्मयोगी’ डिजिटल प्लेटफॉर्म का उल्लेख करते हुए बताया कि इस पर सरकारी कर्मचारियों के लिए 17 भारतीय भाषाओं में सात हजार से अधिक कोर्स उपलब्ध हैं। कर्मचारी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर साइन लैंग्वेज तक की पढ़ाई कर रहे हैं।
खोया हुआ मोबाइल खोजने में मददगार है संचार साथी
पीएम मोदी ने मोबाइल फोन खो जाने की स्थिति में संचार साथी ऐप के इस्तेमाल की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक कराने और फोन खोजने में मदद मिल सकती है।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, इस व्यवस्था की मदद से अब तक 14 लाख से अधिक मोबाइल फोन खोजे जा चुके हैं। उन्होंने पुणे के हिमांशु सिंह का उदाहरण दिया, जिन्होंने संचार साथी के माध्यम से 300 से अधिक मोबाइल नंबरों की रिपोर्ट की थी।
भारतीय कला, संस्कृति और उत्पादों की बढ़ती पहचान
प्रधानमंत्री ने देश की कला और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने लोगों से अपने शहरों और दूसरे स्थानों पर जाने के दौरान संग्रहालयों का भ्रमण करने को कहा। इस दौरान उन्होंने पटना के संग्रहालय को मिली अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग का भी जिक्र किया।
उन्होंने वेनिस आर्ट बिएनाले में भारतीय पवेलियन को मिली सराहना का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय कला को दुनिया भर में पहचान मिल रही है।
इसके अलावा उन्होंने भारतीय चॉकलेट और कोको उत्पादों के निर्यात में हुई बढ़ोतरी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश के उद्यमी नए विचारों के साथ इस क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं।
खेलों में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का किया जिक्र
पीएम मोदी ने खेल जगत में भारत की उपलब्धियों की भी सराहना की। उन्होंने फुटबॉल टीम की दसवीं बार सैफ चैंपियनशिप जीतने, बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन के लगातार दो सुपर-500 खिताब और पीवी सिंधु की हायलो ओपन में जीत का उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल, कला, तकनीक और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में भारतीय प्रतिभाएं देश का गौरव बढ़ा रही हैं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने और देश के विकास में योगदान देने की अपील की।
News Wani
