असामाजिक तत्वों पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप, वायरल आईडी के साक्ष्य देकर सख्त कार्रवाई की मांग।
कार्यालय संवाददाता महोबा
न्यूज़ वाणी। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के बुंदेलखंड उपाध्यक्ष सैयद अदनान शेर अली के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली सदर महोबा में प्रार्थना पत्र देकर मुस्लिम समाज के सबसे बड़े धार्मिक स्थल ईदगाह में अश्लील कृत्य और नृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि महोबा शहर के चौसियापुरा इलाके के कुछ असमाजिक तत्वों द्वारा आए दिन ईदगाह परिसर में जाकर अश्लील हरकतें और डांस किया जा रहा है। इसके बाद इन वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि धार्मिक स्थल कोई पर्यटक स्थल नहीं है और इस तरह का अमर्यादित रवैया कतई बर्दाश्त करने योग्य नहीं है।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सोशल मीडिया लिंक्स और संबंधित आईडी (RAINA RANI_MAHOBA) की जानकारी भी सौंपी है। AIMIM नेताओं और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों पर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
News Wani
