न्यूज़ वाणी संवाददाता, महोबा। जनपद में अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों के खिलाफ वन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में विभागीय टीम ने अलग-अलग गांवों में छापेमारी कर तीन अवैध आरा मशीनों को उखड़वा दिया। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) देवाशीष जेना के निर्देश पर उप प्रभागीय वनाधिकारी विमल कुमार सिंह के नेतृत्व में वन विभाग के प्रवर्तन दल ने यह कार्रवाई की। टीम ने सबसे पहले ग्राम रैपुरा खुर्द में जांच के दौरान अवैध रूप से संचालित आरा मशीन को चिह्नित कर हटवाया। इसके बाद मिली सूचना के आधार पर ग्राम छिकहरा और ग्राम उटियां में भी छापेमारी की गई, जहां अवैध रूप से स्थापित आरा मशीनों को उखड़वा दिया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अवैध आरा मशीनों के संचालन से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विभाग की टीम क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।
डीएफओ देवाशीष जेना ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध वन गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना अनुमति आरा मशीनों का संचालन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में भी जांच और छापेमारी का सिलसिला जारी रहेगा।
News Wani
