फतेहपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में 19 नवंबर से शुरू हुए तीन दिवसीय गतिमान प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह प्रशिक्षण खेल विषय पर आधारित था। संस्थान के प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक मायाराम के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के प्रशिक्षण प्रभारी विनय कुमार मिश्रा तथा प्रशिक्षण नोडल डॉ. रमेश कुमार सोनकर रहे।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित एवं महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के पूर्व संकाय अध्यक्ष प्रोफेसर सुशील कुमार गौतम उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में खेल शिक्षा को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, मानसिक स्वास्थ्य, समस्या समाधान, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की समस्याओं के समाधान में सहयोगी बनने, ऊर्जा का उचित उपयोग करने तथा पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही अभिभावकों के साथ बच्चों की सीखने की प्रक्रिया, सुबह के नाश्ते और स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
मुख्य अतिथि ने मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बच्चों में शारीरिक गतिविधियों की कमी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने विद्यालयों में नियमित खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने खेल विषय के अलग-अलग पहलुओं पर सत्र आयोजित किए। सहायक अध्यापक कौशल कुमार अंकुर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, खेल प्रशिक्षण, मापन एवं मूल्यांकन तथा खेलों में करियर की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
प्रशिक्षण नोडल डॉ. रमेश कुमार सोनकर ने प्रमुख खेल योजनाओं और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत की उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रशिक्षण में माध्यमिक एवं परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का संचालन डायट प्रवक्ता अतुल कुमार ने सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से किया। इस अवसर पर संस्थान के समस्त वरिष्ठ प्रवक्ता एवं प्रवक्ता उपस्थित रहे।
News Wani
