कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर तीन शादियां करने और बाद में चौथे युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने का आरोप लगा है। पुलिस की जांच में महिला की पिछली शादियों से जुड़ी जानकारियां सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। फिलहाल पुलिस ने महिला और उसके परिवार के पांच अन्य सदस्यों समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला बर्रा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, डी-ब्लॉक विश्व बैंक निवासी विशाल विश्वकर्मा की शादी 18 मई 2025 को जूही लाल कॉलोनी की रहने वाली प्रगति से हुई थी। शादी गोविंद नगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में संपन्न हुई थी। विशाल का आरोप है कि शादी के लगभग एक महीने बाद 18 जून 2025 को उसकी पत्नी करीब 15 लाख रुपये के जेवर और एक लाख रुपये नकद लेकर मायके चली गई।
काफी तलाश करने के बाद विशाल को जानकारी मिली कि प्रगति इससे पहले भी दो शादियां कर चुकी थी। आरोप है कि उसने अपनी पिछली शादियों की जानकारी छिपाकर विशाल से विवाह किया था।
पहली शादी के कुछ महीने बाद ही दूसरी शादी का आरोप
पुलिस के अनुसार, प्रगति की पहली शादी 20 मार्च 2017 को बारादेवी निवासी सोनू विश्वकर्मा से हुई थी। इसके बाद 23 जून 2017 को उसने इटावा निवासी सुमित बाथम से दूसरी शादी की थी। तीसरी शादी विशाल विश्वकर्मा से हुई थी।
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद महिला के मोबाइल फोन की जांच की। इसमें उसके तीनों पतियों से संबंधित तस्वीरें मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
चौथे युवक के साथ लिव-इन में रहने की जानकारी
पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि प्रगति पिछले करीब चार महीने से एक अन्य युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि दोनों जल्द ही शादी करने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने महिला को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के समय महिला ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोपों को गलत बताया और न्याय की मांग की।
20 लाख रुपये मांगने का भी आरोप
विशाल का आरोप है कि 13 अगस्त 2026 को वह अपने छोटे भाई के साथ प्रगति के पिता अशोक कुमार विश्वकर्मा के घर पहुंचा था। वहां उसने पिछली शादियों की जानकारी छिपाने को लेकर सवाल उठाए। आरोप है कि इस दौरान परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट की।
विशाल ने यह भी आरोप लगाया कि प्रगति की मां ने मामले को दबाने के नाम पर उससे 20 लाख रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
महिला के परिवार के पांच सदस्य भी गिरफ्तार
बर्रा पुलिस ने प्रगति के साथ उसके परिवार के पांच अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है। इनमें अशोक विश्वकर्मा, सीमा, सोमवती, कोमल और शरद सैनी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, अशोक और सीमा रिश्ते में प्रगति के मौसा-मौसी हैं।
वहीं, इस मामले में ललिता और गोमती विश्वकर्मा नाम की दो अन्य महिलाएं अभी फरार बताई जा रही हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस ने गिरोह से जुड़े होने की जताई आशंका
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला संगठित गिरोह से जुड़ा होने की आशंका सामने आई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य शादी के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद जेवर और नकदी लेकर फरार होने तथा पीड़ितों को मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर कथित रूप से पैसे वसूलने के आरोप हैं।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं।
News Wani
