Breaking News

बांदा में मतदाता सूची सुधार अभियान तेज, डीएम ने बूथों पर पहुंचकर परखी पुनरीक्षण कार्य की हकीकत

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जिले में मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने 235-बांदा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्य की जमीनी हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी जिम्मेदारियां पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ निभाई जाएं।

डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है या जो स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर चले गए हैं, उनके नाम नियमानुसार सूची से हटाए जाएं। इसके साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता और अन्य विवरणों से जुड़ी त्रुटियों को भी प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि SIR अभियान के दौरान दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाने के कारण जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उनका बीएलओ दोबारा भौतिक सत्यापन करें। सत्यापन में पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम नियमानुसार सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने राजकीय महिला डिग्री कॉलेज का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कॉलेज की प्राचार्य से बातचीत कर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी छात्राओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र छात्राओं के आवेदन फॉर्म-6 के माध्यम से भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा में सभी कार्यों को पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर ललित कुमार पांडेय, संबंधित सुपरवाइजर और बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहे।

About NW-Editor

Check Also

बांदा में 26 नवंबर से शुरू होगी पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा, 25 नवंबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा

न्यूज़ वाणी ब्यूरो, बांदा। जनपद बांदा में भक्ति, आस्था और अध्यात्म का भव्य संगम होने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *